हवाई यात्रियों के लिए आयुष मंत्रालय का 5 मिनट योग रूटीन लॉन्च

Fri 20-Mar-2026,02:22 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

हवाई यात्रियों के लिए आयुष मंत्रालय का 5 मिनट योग रूटीन लॉन्च inflight yoga routine ayush ministry india
  • आयुष मंत्रालय ने हवाई यात्रियों के लिए 5 मिनट का योग रूटीन लॉन्च किया, जो यात्रा के दौरान थकान और तनाव को कम करने में सहायक। 

     

  • इस इन-फ्लाइट योग प्रोटोकॉल में प्राणायाम, हल्की गतिविधियां और ध्यान शामिल, जिससे रक्त संचार बेहतर और मानसिक संतुलन बना रहता है। 

  • लंबी उड़ानों में होने वाली अकड़न, जेट लैग और डीवीटी जैसी समस्याओं से बचाव के लिए योग को प्रभावी निवारक उपाय बताया गया। 

Delhi / New Delhi :

नई दिल्ली / हवाई यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए Ministry of AYUSH ने यात्रियों के लिए एक विशेष 5 मिनट का इन-फ्लाइट योग रूटीन प्रस्तुत किया है। यह पहल न केवल यात्रा के दौरान होने वाली थकान और तनाव को कम करने में मदद करेगी, बल्कि यात्रियों को सक्रिय और मानसिक रूप से संतुलित बनाए रखने का भी एक प्रभावी उपाय साबित हो सकती है।

आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने इस पहल के पीछे की सोच को उजागर करते हुए बताया, “योग निवारक स्वास्थ्य और कल्याण का एक शक्तिशाली साधन है। यह इन-फ्लाइट योग प्रोटोकॉल हर परिस्थिति में यहां तक ​​कि 35,000 फीट की ऊंचाई पर भी योग को सुलभ बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, ताकि व्यक्ति यात्रा के दौरान सक्रिय, तनावमुक्त और संतुलित रह सकें।”

हवाई यात्रा के दौरान योग क्यों महत्वपूर्ण है?
हवाई यात्रा, विशेषकर लंबी दूरी की यात्राएं, अक्सर लंबे समय तक गतिहीनता का कारण बनती हैं। इससे मांसपेशियों में अकड़न, रक्त संचार में कमी, थकान, जेट लैग और कुछ मामलों में डीप वेन थ्रोम्बोसिस (डीवीटी) जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। यात्रा संबंधी तनाव और केबिन के दबाव में बदलाव के साथ, एक सरल स्वास्थ्य उपाय की आवश्यकता स्पष्ट हो जाती है।

5 मिनट का योग प्रोटोकॉल हल्की चहलकदमियों, सचेत श्वास और कुछ समय के ध्यान के माध्यम से इन चुनौतियों का समाधान करता है, जिससे शरीर और मन दोनों में संतुलन बहाल करने में मदद मिलती है।

आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने वैज्ञानिक और निवारक पहलुओं पर बल देते हुए कहा, “दैनिक दिनचर्या में यहां तक ​​कि हवाई यात्रा जैसी सीमित परिस्थितियों में भी योग को शामिल करने से रक्त संचार में अत्यधिक सुधार हो सकता है, तनाव कम हो सकता है और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सकता है। इस तरह के व्यावहारिक उपाय निवारक स्वास्थ्य देखभाल को सरल और सुलभ बनाते हैं।”

आपकी सीट पर ही एक स्वस्थ दिनचर्या
सरलता और सुगमता को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किए गए इस प्रोटोकॉल के लिए किसी विशेष उपकरण की आवश्यकता नहीं होती और इसे बैठकर भी किया जा सकता है। यह शारीरिक कार्यकलाप को श्वास जागरूकता और मानसिक विश्राम के साथ सहजता से जोड़ता है।

एकाग्रता (15 सेकंड): स्वयं को स्थिर करने के लिए मौन जागरूकता या मंतव्य के एक क्षण से शुरुआत करें।

जोड़ों में हल्की-फुल्की हरकतें (45 सेकंड): कंधे घुमाना, टखने में खिंचाव लाना और रक्त संचार को बेहतर बनाने और अकड़न को कम करने के लिए सरल कार्यकलाप।

बैठकर किए जाने वाले योग आसन: तनाव दूर करने और शारीरिक मुद्रा में सुधार लाने के लिए ताड़ासन (ताड़ का पेड़) मुद्रा, बैठकर की जाने वाली बिल्ली-गाय मुद्रा, रीढ़ की हड्डी को मोड़ने वाले आसन और पैरों की हल्की-फुल्की हरकतें जैसे संशोधित आसन।

प्राणायाम (श्वास अभ्यास): तंत्रिका तंत्र को शांत करने और ऑक्सीजन के प्रवाह को बढ़ाने के लिए गहरी सांस लेना, अनुलोम विलोम, भ्रमरी और शीतली।

ध्यान (30 सेकंड): मन को शांत करने और विश्राम को बढ़ावा देने के लिए एक संक्षिप्त विराम।

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री मोनालिसा डैश ने व्यवहार परिवर्तन के व्यापक विजन को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए कहा, “यह पहल दर्शाती है कि योग को रोजमर्रा की स्थितियों में कितनी सहजता से एकीकृत किया जा सकता है। इस तरह के सरल अभ्यासों को बढ़ावा देकर, हमारा उद्देश्य एक ऐसी स्वास्थ्य संस्कृति का निर्माण करना है जो व्यक्तियों के साथ हर स्थान पर जुड़ा रहे।”

छोटा अभ्यास, बड़ा प्रभाव
यह रूटीन सिर्फ पांच मिनट में आपकी मदद कर सकता है:

  • रक्त परिसंचरण में सुधार करने में
  • मांसपेशियों की अकड़न और थकान को कम करने में
  • तनाव और चिंता को कम करने में
  • बेहतर पाचन और शरीर में पानी की कमी न होने देने में सहयोग करने में।
  • जेट लैग से निपटने में

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह यात्रियों को उड़ान के दौरान भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने में सक्षम बनाता है।

जहां भी रहें, सेहतमंद रहें
योग की सुंदरता इसकी अनुकूलनशीलता में निहित है। चाहे घर पर हों, काम पर हों, या आसमान में, यह हर स्थिति में आपके साथ होता है। यह इन-फ्लाइट प्रोटोकॉल इस बात की याद दिलाता है कि स्वस्थ रहने के लिए अतिरिक्त समय या स्थान की आवश्यकता नहीं होती बस इरादे की आवश्यकता होती है।

अपनी अगली यात्रा पर सीट बेल्ट बांधते समय, अपने लिए कुछ पल शांतिपूर्वक बिताने पर विचार करें। क्योंकि कभी-कभी, लंबी यात्रा करने का सबसे अच्छा तरीका होता है रुकना, गहरी सांस लेना और अपने भीतर से जुड़ना।