राजस्थान नगर निकाय चुनाव: 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में आज मतदान, 57.52 लाख मतदाता

Wed 09-Sep-2026,11:57 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

राजस्थान नगर निकाय चुनाव: 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में आज मतदान, 57.52 लाख मतदाता Rajasthan Municipal Elections 2026
  • राजस्थान के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में पहले चरण का मतदान जारी है।

  • 57.52 लाख से अधिक मतदाता 5,393 पार्षद पदों के लिए मतदान करेंगे।

  • नगर निकाय चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

Rajasthan / Jaipur :

Jaipur / राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए आज, बुधवार 9 सितंबर को मतदान हो रहा है। राज्य के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियां पहले ही मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं और सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

पहले चरण में चार नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं के लिए मतदान हो रहा है। कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में नगर निकायों के 5,393 पार्षद पदों के लिए 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

चार नगर निगमों में भी मतदान
पहले चरण में जिन चार नगर निगमों में चुनाव हो रहा है, उनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा शामिल हैं। इसके अलावा जयपुर जिले की 19 में से 18 नगर निकायों में भी आज मतदान कराया जा रहा है। जयपुर में मतदान के लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जयपुर जिले में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के अलावा 16 नगर पालिकाओं में वोट डाले जा रहे हैं। इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा शामिल हैं।

39 जिलों के निकायों में वोटिंग
जयपुर के अलावा अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के नगरीय निकायों में भी मतदान हो रहा है।

बाड़मेर में दो चरणों में चुनाव
बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए आज पहले चरण में मतदान हो रहा है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना होगी।

9 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश
मतदान को देखते हुए आज 9 सितंबर को संबंधित मतदान क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत भी लागू रहेगा। इसके अलावा 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दिन भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यदि किसी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की जरूरत पड़ती है, तो संबंधित क्षेत्र में पुनर्मतदान वाले दिन भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

दो चरणों में होंगे 309 निकायों के चुनाव
राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। इसके बाद सभी निकाय चुनावों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। इन चुनावों के जरिए लाखों मतदाता अपने-अपने शहरों और कस्बों के स्थानीय प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।