Trump State of the Union 2026: 108 मिनट का रिकॉर्ड भाषण, ईरान से भारत-पाक तक कई बड़े दावे

Wed 25-Feb-2026,11:57 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Trump State of the Union 2026: 108 मिनट का रिकॉर्ड भाषण, ईरान से भारत-पाक तक कई बड़े दावे Trump State of The Union
  • 108 मिनट का रिकॉर्ड भाषण.

  • ईरान और परमाणु कार्यक्रम पर सख्त रुख.

  • टैरिफ, महंगाई और इमिग्रेशन पर बड़े दावे.

American Samoa / :

America / अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार, 24 फरवरी (स्थानीय समयानुसार) को संसद में 108 मिनट लंबा स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण देकर नया रिकॉर्ड बना दिया। यह अब तक का सबसे लंबा संबोधन बताया जा रहा है। अपने भाषण में ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष की उपलब्धियों का जोरदार उल्लेख किया और कहा, “यह अमेरिका का स्वर्ण युग है।”

ट्रंप ने अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, विदेश नीति और आव्रजन जैसे मुद्दों पर विस्तार से बात की। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में अमेरिका पहले से ज्यादा मजबूत, समृद्ध और सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा, “सिर्फ एक साल में हमने ऐसा बदलाव किया है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।”

ईरान पर सख्त रुख
ट्रंप ने अपने भाषण में ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ऐसे मिसाइल विकसित कर रहा है जो अमेरिका तक हमला कर सकते हैं। साथ ही यह भी कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे इस मुद्दे को कूटनीतिक तरीके से सुलझाना चाहते हैं। लेकिन साफ शब्दों में कहा, “मैं दुनिया के सबसे बड़े आतंकवाद समर्थक देश को कभी परमाणु हथियार नहीं रखने दूंगा।”

भारत-पाकिस्तान को लेकर दावा
अपने संबोधन में ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध टालने का श्रेय खुद को दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके हस्तक्षेप के कारण संभावित परमाणु युद्ध टल गया। हालांकि इस दावे को पहले भी कई बार विवादित बताया गया है।

टैरिफ से इनकम टैक्स तक
ट्रंप ने कहा कि विदेशी देशों से वसूले जाने वाले टैरिफ भविष्य में इनकम टैक्स की जगह ले सकते हैं। उनका मानना है कि इससे अमेरिकी नागरिकों पर से वित्तीय बोझ कम होगा। उन्होंने कहा, “विदेशी देशों द्वारा भुगतान किया जाने वाला टैरिफ हमारे नागरिकों के लिए राहत बनेगा।”

अवैध प्रवास और अपराध पर बयान
राष्ट्रपति ने दावा किया कि पिछले 9 महीनों में एक भी अवैध प्रवासी को अमेरिका में प्रवेश नहीं करने दिया गया। उन्होंने कहा कि सीमा से खतरनाक ड्रग फेंटानिल की तस्करी में 56% की कमी आई है और हत्या की दर 125 साल में सबसे कम स्तर पर पहुंच गई है।

आव्रजन को लेकर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सीमाएं खुली रहीं तो अपराध और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं अमेरिका में भी बढ़ सकती हैं।

महंगाई और अर्थव्यवस्था
ट्रंप ने बाइडेन प्रशासन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले शासन में देश ने सबसे खराब महंगाई देखी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने महंगाई दर को घटाकर 1.7% तक ला दिया है, जो पांच साल में सबसे निचला स्तर है।

अपने भाषण के अंत में ट्रंप ने 4 जुलाई को आजादी के 250 साल पूरे होने का जिक्र किया और कहा, “अभी आपने कुछ भी नहीं देखा है… यह अमेरिका का स्वर्ण युग है।”