महावीर जयंती अवकाश पर असमंजस, 30 मार्च करने की मांग तेज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
MP-Mahavir-Jayanti-Holiday-Date-Controversy
मध्य प्रदेश में महावीर जयंती अवकाश को लेकर 31 मार्च से 30 मार्च करने की मांग तेज, जैन समाज और जनप्रतिनिधियों का दबाव बढ़ा।
सत्ता और विपक्ष के विधायक एकमत होकर अवकाश की तारीख बदलने की मांग कर रहे, अंतिम फैसला सरकार के विचाराधीन।
Bhopal/ Madhya Pradesh में महावीर जयंती के सरकारी अवकाश की तारीख को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राज्य सरकार ने फिलहाल 31 मार्च को अवकाश घोषित किया है, लेकिन इसे बदलकर 30 मार्च करने की मांग लगातार तेज हो रही है।
दरअसल, जैन समाज की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस वर्ष भगवान महावीर का जन्म कल्याणक 30 मार्च को मनाया जाएगा। इसी कारण समाज के विभिन्न वर्गों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से अवकाश की तारीख में संशोधन करने की मांग की है।
इस मुद्दे ने तब और तूल पकड़ लिया जब Jabalpur High Court ने अपने स्तर पर 30 मार्च को अवकाश घोषित कर दिया। इससे राज्य सरकार पर दबाव और बढ़ गया है कि वह भी इसी तिथि को मान्यता दे।
राजनीतिक स्तर पर भी यह मुद्दा गर्मा गया है। पृथ्वीपुर से कांग्रेस विधायक नितेंद्र बृजेंद्र सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 30 मार्च को अवकाश घोषित करने की मांग की है। उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान में घोषित 31 मार्च की छुट्टी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।
वहीं, सागर जिले की बंडा विधानसभा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लम्बरदार ने भी इसी मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि पंचांग और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 30 मार्च को ही महावीर जयंती मनाई जाएगी, इसलिए उसी दिन अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
हालांकि, सरकार को कुछ ऐसे सुझाव भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें 31 मार्च की घोषित छुट्टी को यथावत बनाए रखने की बात कही गई है। प्रशासनिक और व्यावहारिक कारणों के चलते भी इस पर विचार किया जा रहा है।
मुख्य सचिव कार्यालय विभिन्न पक्षों से फीडबैक लेकर अंतिम निर्णय की तैयारी कर रहा है। फिलहाल राज्य में इस मुद्दे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और सभी की नजर सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है।