रंग पंचमी 2026: देवी-देवताओं को चढ़ाएं ये शुभ रंग
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Rang-Panchami-2026-Gods-Favourite-Colors
रंग पंचमी 8 मार्च को मनाई जाएगी और धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन देवी-देवता पृथ्वी पर आकर भक्तों के साथ रंगों की होली खेलते हैं।
इस दिन भगवान को उनके प्रिय रंग अर्पित करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं, सुख-समृद्धि बढ़ती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
Nagpur/ रंग पंचमी का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा में विशेष महत्व रखता है। यह त्योहार हर साल चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस वर्ष रंग पंचमी 8 मार्च को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन देवी-देवता भी पृथ्वी पर आकर भक्तों के साथ रंगों की होली खेलते हैं, इसलिए इसे “देव पंचमी” के नाम से भी जाना जाता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार रंग पंचमी के दिन अगर श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देवी-देवताओं को गुलाल और रंग अर्पित किया जाए तो वे प्रसन्न होकर भक्तों पर अपनी विशेष कृपा बरसाते हैं। माना जाता है कि इस दिन भगवान को उनके प्रिय रंग अर्पित करने से जीवन में आ रही बाधाएं दूर होती हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
भगवान राम को पीला रंग अत्यंत प्रिय माना जाता है। रंग पंचमी के दिन भगवान राम की पूजा कर उन्हें पीला गुलाल अर्पित करना शुभ माना जाता है। इससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।
माता लक्ष्मी को लाल और गुलाबी रंग विशेष रूप से प्रिय हैं। रंग पंचमी के दिन लक्ष्मी जी की पूजा करते समय उन्हें लाल या गुलाबी गुलाल अर्पित करना चाहिए। साथ ही दूध से बनी मिठाइयों या खीर का भोग लगाने से धन-समृद्धि और वैभव की प्राप्ति होती है।
भगवान श्रीकृष्ण को पीला रंग बहुत प्रिय माना जाता है। रंग पंचमी पर श्रीकृष्ण को पीला गुलाल अर्पित करने से जीवन में प्रेम, सौभाग्य और खुशहाली बढ़ती है। वहीं राधा रानी को नीला रंग प्रिय माना जाता है, जो श्रीकृष्ण के श्याम स्वरूप का प्रतीक है। इसके अलावा उन्हें लाल, गुलाबी और पीले रंग भी अर्पित किए जा सकते हैं।
भगवान विष्णु की पूजा रंग पंचमी के दिन करना विशेष फलदायी माना जाता है। यदि किसी व्यक्ति का गुरु ग्रह कमजोर हो, विवाह में बाधा आ रही हो या भाग्य साथ न दे रहा हो तो इस दिन भगवान विष्णु को पीला रंग अर्पित करना शुभ माना जाता है।
भगवान गणेश को लाल और पीला रंग प्रिय है। रंग पंचमी के दिन गणेश जी को लाल और पीले रंग की गुलाल अर्पित करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और कार्यों में सफलता मिलती है।
भगवान शिव को सफेद रंग या भस्म के समान रंग अर्पित करना शुभ माना जाता है। साथ ही उन्हें ठंडाई का भोग लगाने से रोग, भय और मानसिक तनाव दूर होते हैं और चंद्र दोष शांत होता है।
मां दुर्गा को लाल रंग अर्पित करना शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है। वहीं हनुमान जी को लाल और केसरिया रंग की गुलाल चढ़ाने से साहस, ऊर्जा और उत्साह में वृद्धि होती है। धार्मिक मान्यता है कि रंग पंचमी के दिन देवी-देवताओं को उनके प्रिय रंग अर्पित करने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।