रायपुर होली अभियान: 550 लीटर शहद जब्त
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Raipur-Holi-Food-Safety-Drive-Honey-Seized
होली से पहले मिठाई, खोवा, पेड़ा और डेयरी उत्पादों के 20 से अधिक सैंपल लिए गए, कई प्रतिष्ठान जांच के दायरे में।
चलित प्रयोगशाला में 94 नमूनों की जांच, 5 अमानक और 2 मिथ्याछाप पाए गए, पान दुकानों से गुटखा जब्त।
Raipur/ होली के त्योहार को देखते हुए रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में बस स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 550 लीटर संदिग्ध शहद की खेप जब्त की गई।
विभाग को सूचना मिली थी कि एक महिला बस से बड़ी मात्रा में कंटेनर लेकर रायपुर पहुंची है। जांच के दौरान नूरजहां खातून नामक महिला से पूछताछ की गई। उसने खुद को बिहार के हजारीबाग की निवासी बताया और कहा कि वह शहद बेचने रायपुर आई है। अधिकारियों को उसके पास 37 कंटेनरों में करीब साढ़े पांच सौ लीटर शहद मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 2.30 लाख रुपए बताई गई। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण पूरी खेप जब्त कर ली गई और विधिक प्रक्रिया के तहत नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की भी सघन जांच की जा रही है। पिछले एक सप्ताह में 20 से अधिक विधिक नमूने लिए गए हैं। जिन प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए गए उनमें सुपर स्वीट्स, बीकानेर मिठाईवाला, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट, न्यू जनता स्वीट्स एंड बेकर्स, जगदम्बा बीकानेर स्वीट्स, कृष्णा स्वीट्स, मीठा महल और न्यू जनता होटल शामिल हैं।
इन दुकानों से पेड़ा, खोवा, काजू कतली, बेसन लड्डू, पिस्ता बिस्किट और कलाकंद के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के समय मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है, इसलिए सतर्कता बरती जा रही है।
अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और नमूना सहायकों की संयुक्त टीम यह कार्रवाई कर रही है। टीम ने स्ट्रीट फूड और बेकरी उत्पादों की भी जांच की। कैफे बेंगलुरु से मसाला दोसा, न्यू नाइस बेकरी से ब्रेड और अन्य दुकानों से नारियल चटनी, छोले-भटूरे, ड्राई फ्रूट लड्डू, रेड खजूर और वेज सैंडविच के नमूने लिए गए।
चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा 94 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें 87 नमूने मानक पाए गए, जबकि 5 नमूने अमानक और 2 मिथ्याछाप पाए गए। विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान पान दुकानों पर भी छापेमारी की गई। जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज के 62 पैकेट और सितार ब्रांड के 53 पैकेट जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कीमत करीब 26 हजार रुपए आंकी गई है।
इससे पहले खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर में 170 बोरी प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।