दिल्ली-NCR में बदला मौसम: तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बीच IMD का ऑरेंज अलर्ट
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Delhi Weather Alert
दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश का असर.
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट.
बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत.
Delhi / Delhi-NCR में बुधवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को देर शाम तेज हवाओं और हल्की बारिश ने राहत दी। राजधानी के कई इलाकों में बारिश के साथ तेज आंधी चली, जबकि कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी खबर सामने आई। मौसम में आए इस बदलाव के बाद लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत महसूस हुई।
India Meteorological Department (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी के मध्य, पूर्वी, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी हिस्सों में देर रात तक आंधी, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रही। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बुधवार दिन में भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। IMD के अनुसार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग और लोधी रोड मौसम केंद्रों पर बहुत हल्की बारिश हुई, जबकि पालम में 0.1 मिमी और रिज क्षेत्र में 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि आयानगर इलाके में बारिश दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली के ज्यादातर मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। वहीं पालम में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 2.9 डिग्री कम रहा।
लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
लगातार बढ़ती गर्मी के बीच बारिश ने राजधानीवासियों को बड़ी राहत दी है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।