मिडिल ईस्ट जंग का छठा दिन: बेरूत में इजरायली हमला, 6 की मौत, ईरान-हिज्बुल्लाह से बढ़ा तनाव
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Iran Israel War
बेरूत के पास इजरायली हवाई हमले में 6 लोगों की मौत.
ईरान-इजरायल संघर्ष में हिज्बुल्लाह की बढ़ती भूमिका.
मिडिल ईस्ट में युद्ध से बढ़ा वैश्विक और समुद्री सुरक्षा संकट.
Iran / मध्य पूर्व में इजरायल, ईरान और उनके सहयोगियों के बीच जारी सैन्य संघर्ष छठे दिन भी थमता नजर नहीं आ रहा है। हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं और अब इस जंग की आग लेबनान तक फैल चुकी है। ताजा घटनाक्रम में इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के पास एक होटल और आवासीय इमारत को हवाई हमलों में निशाना बनाया। इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय और स्थानीय सरकारी सूत्रों के अनुसार, हमले के बाद इलाके में भारी तबाही देखने को मिली है। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत व बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रहे हैं। बेरूत के बाहरी हिस्सों में स्थित कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और स्थानीय लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल है।
ईरान-इजरायल संघर्ष ने बढ़ाया तनाव
समाचार एजेंसी अल जजीरा के अनुसार, इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों में बुधवार शाम तक 1045 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है और क्षेत्र में मानवीय संकट की आशंका गहरा रही है।
इसी बीच हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने सीमा के पास एक इजरायली बैटल टैंक को निशाना बनाया है। वहीं स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कंटेनर शिप पर प्रोजेक्टाइल से हमला होने की भी खबर सामने आई है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हमले जारी रखने की घोषणा की है, जिससे क्षेत्र में और तनाव बढ़ गया है।
श्रीलंका के पास ईरानी जहाज पर हमला
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका के पास एक ईरानी जहाज पर पनडुब्बी से हमला किया गया है। इस घटना में करीब 101 लोगों के लापता होने की खबर है। हालांकि इस मामले की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन समुद्री सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हुई हैं।
जंग का दायरा बढ़ता जा रहा
विश्लेषकों का कहना है कि यह संघर्ष अब सिर्फ इजरायल और ईरान तक सीमित नहीं रह गया है। लेबनान में सक्रिय हिज्बुल्लाह भी इस जंग में खुलकर सामने आ चुका है। इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ दक्षिणी लेबनान में जमीनी सैन्य अभियान शुरू कर दिया है।
इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अतिरिक्त सैनिक तैनात किए हैं और हिज्बुल्लाह के कई ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में लगभग 40 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। वहीं हिज्बुल्लाह ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
अमेरिका भी हुआ सक्रिय
अमेरिका ने इस संघर्ष को लेकर अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। इजरायल समेत कई देशों में मौजूद करीब 3500 अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित निकालने की तैयारी की जा रही है। अब तक लगभग 130 लोगों को निकाला जा चुका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी हमलों में अब तक छह अमेरिकी सैनिकों की मौत की पुष्टि भी हो चुकी है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि ईरान के खिलाफ जमीनी सैन्य अभियान भी शुरू किया जा सकता है।
भारतीय नागरिकों पर भी पड़ा असर
इस युद्ध का असर भारतीय नागरिकों पर भी देखने को मिला है। ओमान के मस्कट बंदरगाह के पास एक तेल टैंकर पर ईरानी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हो गया है।
भारत के नौवहन महानिदेशालय ने बताया कि ये घटनाएं विदेशी झंडे वाले जहाजों पर हुईं। बाकी चालक दल सुरक्षित हैं और प्रभावित नाविकों के परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
वहीं ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे करीब 9 हजार भारतीयों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि वे आपात स्थिति के अलावा घर से बाहर न निकलें।
मानवीय संकट का खतरा
लगातार बढ़ते हवाई हमलों और जमीनी लड़ाई के कारण लेबनान और आसपास के इलाकों में बड़े मानवीय संकट का खतरा मंडरा रहा है। कई इलाकों से लोगों के विस्थापन की खबरें आ रही हैं और नागरिक आबादी इस संघर्ष की सबसे बड़ी कीमत चुका रही है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित है और कई देश दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील कर रहे हैं। हालांकि फिलहाल हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और इस जंग के जल्द खत्म होने के संकेत नहीं दिख रहे हैं।