Bankipur Bypoll 2026: 33.57% मतदान, BJP ने Jana Suraaj पर लगाया Bogus Voting का आरोप

Thu 30-Jul-2026,06:35 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

Bankipur Bypoll 2026: 33.57% मतदान, BJP ने Jana Suraaj पर लगाया Bogus Voting का आरोप Bankipur Bypoll 2026
  • बांकीपुर उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 33.57% मतदान, अंतिम आंकड़ों का इंतजार।

  • भाजपा ने जन सुराज पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया, चुनाव आयोग से शिकायत की।

  • प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में जीत का दावा किया।

Bihar / Patna :

Patna / बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। हालांकि, मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिला। चुनाव आयोग के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, शाम 5 बजे तक 33.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम मतदान प्रतिशत सभी मतदान केंद्रों से रिपोर्ट मिलने के बाद जारी किया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी बूथों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जबकि कतार में मौजूद मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया गया।

बांकीपुर सीट पर उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नवीन के विधानसभा सदस्य पद छोड़ने के बाद कराया गया। इस सीट पर भाजपा के नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर सहित कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है।

सुबह कुछ इलाकों में हुई बारिश के कारण मतदान की रफ्तार धीमी रही। हालांकि, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में परंपरागत रूप से मतदान प्रतिशत कम रहने की वजह से यह स्थिति असामान्य नहीं मानी जा रही है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में भी यहां लगभग 41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

मतदान के दौरान मीठापुर क्षेत्र में भाजपा और जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की खबर सामने आई। भाजपा ने जन सुराज के कार्यकर्ताओं पर कथित फर्जी मतदान (बोगस वोटिंग) कराने की कोशिश का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की। वहीं शाम के समय एएन कॉलेज मतदान केंद्र पर भी दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि, सुरक्षा बलों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।

चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इसके अलावा सभी 422 मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस नियंत्रण कक्ष में 72 पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी और किसी भी आपात स्थिति के लिए नागरिकों को डायल-112 और नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मतदान के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर एएन कॉलेज बूथ पहुंचे और दावा किया कि जिस क्षेत्र में पहले भाजपा को 80 प्रतिशत से अधिक वोट मिलते थे, वहां इस बार उनकी पार्टी ने मजबूत चुनौती पेश की है। उन्होंने विश्वास जताया कि जन सुराज पार्टी बांकीपुर उपचुनाव जीत रही है और भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का अगला विधायक कौन होगा।