बाड़मेर गिरल माइंस विवाद: विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने आत्मदाह का किया प्रयास, मजदूर आंदोलन तेज

Tue 19-May-2026,08:06 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

बाड़मेर गिरल माइंस विवाद: विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने आत्मदाह का किया प्रयास, मजदूर आंदोलन तेज Barmer News
  • बाड़मेर में मजदूर आंदोलन से बढ़ा तनाव. 

  • विधायक भाटी ने आत्मदाह का किया प्रयास. 

  • 39 दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन जारी. 

Rajasthan / Barmer :

Barmer / बाड़मेर जिले के गिरल लिग्नाइट माइंस के बाहर मजदूरों के लंबे समय से चल रहे आंदोलन ने मंगलवार को बड़ा रूप ले लिया, जब शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी अचानक धरना स्थल पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और माचिस से आग लगाने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। हालांकि, एएसपी नितेश आर्य और अन्य पुलिस अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रोक लिया और सुरक्षित कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर ले जाया गया। इसके बाद पूरे कलेक्ट्रेट क्षेत्र को एहतियातन बंद कर दिया गया।

यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ जब गिरल लिग्नाइट माइंस के बाहर पिछले 39 दिनों से मजदूर विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण के बाद भी स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गहरी नाराजगी है। कई युवाओं को नौकरी से हटाए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, जिससे आंदोलन और तेज हो गया है।

मजदूरों की प्रमुख मांगों में 8 घंटे की निश्चित ड्यूटी, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और कंपनी द्वारा किए गए पुराने वादों को पूरा करना शामिल है। आंदोलन को विधायक भाटी का भी समर्थन मिला हुआ है, जिन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन होगा।

सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने भी इस मामले में अहम आदेश जारी करते हुए लिग्नाइट परिवहन को जारी रखने और किसी भी तरह की बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के बाद प्रशासन और पुलिस की सख्ती बढ़ गई है और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मजदूरों का धरना अभी भी जारी है। पूरे मामले पर प्रशासन नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।