तमिलनाडु में TVK की बड़ी जीत, कांग्रेस समर्थन से विजय सरकार बनाने के करीब

Wed 06-May-2026,05:08 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

तमिलनाडु में TVK की बड़ी जीत, कांग्रेस समर्थन से विजय सरकार बनाने के करीब Tamil-Nadu-TVK-Vijay-Government-Formation
  • विजय की TVK ने 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनी, कांग्रेस समर्थन से सरकार गठन की दिशा में तेजी आई।

  • कांग्रेस ने समर्थन के बदले मंत्री पद और बोर्ड-निगमों में हिस्सेदारी की शर्त रखी, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

Tamil Nadu / Chennai :

Tamil Nadu/ तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी Tamilaga Vetri Kazhagam (TVK) ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सभी को चौंका दिया है। हालांकि पार्टी बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई है, लेकिन सत्ता के बेहद करीब पहुंच गई है और सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। Indian National Congress ने TVK को समर्थन देने का फैसला किया है, लेकिन यह समर्थन कुछ शर्तों के साथ है।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सरकार में हिस्सेदारी चाहती है और दो मंत्री पदों के साथ-साथ बोर्ड और कॉरपोरेशन में अहम जिम्मेदारियों की मांग कर सकती है। इस मुद्दे पर पार्टी नेताओं की वर्चुअल बैठक में चर्चा हुई है और प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है। अंतिम निर्णय के लिए रिपोर्ट हाईकमान को भेजी गई है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक दल जल्द ही औपचारिक समर्थन पत्र जारी करेगा। इसके बाद पार्टी विधायक विजय से मुलाकात कर सरकार गठन की रणनीति को अंतिम रूप देंगे। TVK नेतृत्व को भी इस फैसले की जानकारी दे दी गई है।

इधर, विजय ने चेन्नई स्थित अपने आवास पर विधायकों के साथ बैठक कर संभावित मंत्रिमंडल पर चर्चा शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती कैबिनेट में करीब नौ मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।

संभावित मंत्रियों के रूप में एन. आनंद, अरुणराज, सेंगोट्टैयन, अधव अर्जुना, सीटीआर निर्मलकुमार, मारिया विल्सन, राजमोहन, वीएस बाबू और जेसीडी प्रभाकर के नाम सामने आ रहे हैं।

सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए TVK ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। कांग्रेस के पांच विधायक भी इस गठबंधन के समर्थन में हैं, जिससे स्पष्ट है कि दोनों दल मिलकर सरकार बनाने के करीब पहुंच गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। यह उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा पड़ाव होगा। इस चुनाव में DMK और AIADMK को बड़ा झटका लगा है। DMK जहां 59 सीटों पर सिमट गई, वहीं AIADMK 47 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही।