CJP Protest Update: अभिजीत दीपके बोले- जल्द होगी अगली रणनीति, छात्रों पर केस न करने की सरकार से मांग

Sun 26-Jul-2026,10:25 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

CJP Protest Update: अभिजीत दीपके बोले- जल्द होगी अगली रणनीति, छात्रों पर केस न करने की सरकार से मांग CJP Protest Update
  • अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP जल्द आंदोलन की अगली रणनीति घोषित करेगी।

  • छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर सरकार से बातचीत जारी है।

  • पीएम मोदी ने परीक्षा सुधारों के लिए हाई पावर टास्क फोर्स बनाई, राहुल गांधी ने सरकार से सवाल पूछे।

Delhi / Delhi :

Delhi / कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि NEET पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन समाप्त होने के बाद संगठन जल्द ही अपनी अगली रणनीति का ऐलान करेगा। उन्होंने कहा कि 36 दिनों तक चले आंदोलन के खत्म होने के बाद आगे की योजना तैयार की जा रही है और इसके लिए थोड़ा समय चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पंजाब सहित अन्य राज्यों में पेपर लीक के मुद्दे पर पार्टी की रणनीति जल्द सामने आएगी।

समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत जारी है और उनकी सबसे बड़ी मांग यह है कि आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होना चाहिए। उनका कहना है कि छात्रों ने अपने भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के लिए आवाज उठाई है, इसलिए उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना चाहिए।

गौरतलब है कि CJP के नेतृत्व में 20 जून से जंतर-मंतर पर शुरू हुआ आंदोलन 25 जुलाई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद समाप्त हुआ। आंदोलन कुल 36 दिनों तक चला और इसमें देशभर से बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।

रविवार को अभिजीत दीपके राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से उनके आवास पर मिले। इस मुलाकात को आंदोलन से जुड़े कानूनी पहलुओं पर सलाह लेने के रूप में देखा जा रहा है। बैठक के बाद दीपके ने कहा कि सरकार से छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर बातचीत चल रही है और उन्हें उम्मीद है कि छात्रों को राहत मिलेगी।

इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने घोषणा की कि इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में एक हाई पावर टास्क फोर्स गठित की गई है, जो परीक्षा सुधारों और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने पर काम करेगी।

वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन चलाने और सादे कपड़ों में लाठीचार्ज करने वालों की भूमिका पर दो सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, 26 दिनों का अनशन समाप्त करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सोमवार सुबह मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिलने की जानकारी उनकी टीम ने दी है। लद्दाख रवाना होने से पहले वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जाएंगे।