चुनाव आयोग का बड़ा अभियान: 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू होगा वोटर लिस्ट सत्यापन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
SIR Campaign
16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू होगा SIR अभियान.
3.94 लाख BLO घर-घर जाकर करेंगे मतदाता सत्यापन.
सितंबर से दिसंबर 2026 तक जारी होंगी नई वोटर लिस्ट.
Delhi / Election Commission of India ने देशभर में मतदाता सूची को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत करने का ऐलान किया है। इस बड़े अभियान के तहत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उनके विवरण का सत्यापन करेंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चरण में करीब 3.94 लाख से अधिक बूथ लेवल अधिकारी लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं तक पहुंचेंगे। आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और फर्जी या दोहराए गए नामों को हटाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया और अधिक निष्पक्ष और विश्वसनीय बन सके।
इस अभियान के दायरे में Odisha, Mizoram, Sikkim, Manipur, Uttarakhand, Andhra Pradesh, Arunachal Pradesh, Haryana, Punjab, Karnataka, Maharashtra, Jharkhand और Delhi समेत कई राज्य और केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। हालांकि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को फिलहाल इस चरण से बाहर रखा गया है।
चुनाव आयोग ने बताया कि तीसरे चरण का शेड्यूल जनगणना के तहत चल रही हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि दोनों कार्यों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। यह अभियान 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
राज्यों के अनुसार अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीखें भी तय कर दी गई हैं। दादर नागर हवेली और दमन-दीव की अंतिम सूची 11 सितंबर 2026 को जारी होगी। ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर की सूची 6 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी। उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को आएगी।
वहीं आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ की सूची 22 सितंबर 2026 को जारी होगी। तेलंगाना और पंजाब में यह सूची 1 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी, जबकि कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। नागालैंड और त्रिपुरा में यह प्रक्रिया नवंबर और दिसंबर तक चलेगी।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग इससे पहले बिहार, उत्तर प्रदेश सहित 13 राज्यों में SIR का काम पूरा कर चुका है। नई मतदाता सूची के आधार पर बिहार समेत छह राज्यों में विधानसभा चुनाव भी सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं।
चुनाव आयोग का कहना है कि तीसरे चरण के पूरा होने के बाद केवल हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख ही ऐसे क्षेत्र बचेंगे, जहां SIR प्रक्रिया आगे चलाई जाएगी। आयोग इस अभियान को देश में पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।