MP Politics: भोपाल में अपना दल (एस) की बड़ी बैठक, आगामी रणनीति पर मंथन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Anupriya Patel
भोपाल में अपना दल (एस) की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन।
संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण पर जोर।
आगामी राजनीतिक रणनीति और लक्ष्य निर्धारण पर नेताओं ने किया मंथन।
भोपाल / राजधानी भोपाल में रविवार को अपना दल (एस) मध्य प्रदेश की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल मुख्य अतिथि तथा राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और पिछड़े वर्गों के सामाजिक-राजनीतिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में पिछड़े वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन आज भी उन्हें अपने अधिकारों और उचित भागीदारी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास की विचारधारा के साथ पिछड़े, वंचित और उपेक्षित समाज को मजबूत राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करें तथा पार्टी की नीतियों और विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी अपने लक्ष्य हासिल कर सकती है।
राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी लोकतंत्र की सफलता तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान और प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने पार्टी के आगामी रोडमैप पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों से समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठित समाज और जागरूक नेतृत्व सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन ने बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के बल पर अपना दल (एस) को मध्य प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी ताकत के आधार पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ नेता अमृत लाल पटेल, देवेंद्र प्रताप सिंह, कैलाश गवांडे, मनभरण कोल, एस.आर. नागले, सुरेंद्र नाहर, कुबेर पटेल, टीकम चंद शर्मा, चैतराम प्रजापति, मनीष सरवैया, अशोक पटेल, अजय बिहारी पटेल और राहुल सिंह सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया तथा कार्यकर्ताओं ने पार्टी को प्रदेश में मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।