PM MODI ने बंगाल में दी 6 गारंटी, भाजपा के लिए मांगा समर्थन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
PM-Modi-Bengal-6-Guarantees
पीएम मोदी ने हल्दिया रैली में बंगाल के लिए 6 गारंटी का ऐलान किया, जिसमें कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई शामिल।
23 अप्रैल को भारी मतदान की अपील करते हुए पीएम मोदी ने भाजपा को विजयी बनाने और बंगाल में परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
West Bengal/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हल्दिया में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन मांगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल का यह चुनाव सामान्य नहीं है, बल्कि यह राज्य के विकास और वैभव को पुनः स्थापित करने का चुनाव है।
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी सतीश चंद्र सामंता को याद करते हुए कहा कि जिस भूमि ने अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी, वहीं से आज वह बंगाल की जनता को 6 गारंटी दे रहे हैं। उन्होंने पहली गारंटी में कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में भय का माहौल खत्म होगा और कानून व्यवस्था मजबूत होगी। दूसरी गारंटी में उन्होंने सरकारी सिस्टम को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की बात कही।
तीसरी गारंटी में पीएम मोदी ने कहा कि सभी घोटालों, महिलाओं के साथ हुए अन्याय और अपराधों की जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। चौथी गारंटी के तहत उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में शामिल कोई भी व्यक्ति, चाहे वह मंत्री हो या अधिकारी, कानून से नहीं बच सकेगा।
पांचवीं गारंटी में प्रधानमंत्री ने शरणार्थियों को संविधान के तहत अधिकार देने और अवैध घुसपैठियों को देश से बाहर करने की बात कही। वहीं छठी गारंटी में उन्होंने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए 7वें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया।
प्रधानमंत्री ने जनता से 23 अप्रैल को भारी संख्या में मतदान करने की अपील की और हर बूथ पर भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के साथ भाजपा राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में यह भी कहा कि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव टीएमसी सरकार के अंत का संकेत है।