Parliament News: विपक्ष के हंगामे से लोकसभा-राज्यसभा स्थगित, NEET और छात्र प्रदर्शन पर बवाल
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Parliament News
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित।
NEET पेपर लीक, छात्र प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने।
प्रधानमंत्री मोदी ने NEET मामले में सख्त कार्रवाई और किसानों के हितों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
Delhi / संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के तीखे विरोध के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। लगातार नारेबाजी और हंगामे के चलते पहले दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई और बाद में दोबारा शुरू होने पर भी गतिरोध जारी रहने के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने NEET पेपर लीक, छात्रों के विरोध प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।
इस बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजधानी में प्रदर्शन कर रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)' के कार्यकर्ताओं और छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं की समस्याएं पूरी तरह वाजिब हैं और सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि लाखों छात्र और उनके परिवार बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक और मानसिक संघर्ष करते हैं। कई परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले विवाद और अव्यवस्थाएं उनके भविष्य को संकट में डाल रही हैं। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए NEET पेपर लीक मामले पर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक पूरे देश से जुड़ा विषय है और सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह किसी एक राज्य तक सीमित मामला नहीं है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग देने के बजाय समाधान पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों और विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी एफटीए में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
उधर कांग्रेस सांसद विजयकुमार उर्फ विजय वसंत ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर बार-बार हो रहे परीक्षा पेपर लीक, संसद के निकट प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई, इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने तथा शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही पर तत्काल चर्चा की मांग की।
संसद परिसर और उसके आसपास CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संसद भवन के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ऐसे में मानसून सत्र के आगामी दिनों में भी विपक्ष और सरकार के बीच तीखी राजनीतिक टकराव जारी रहने के आसार बने हुए हैं।