राष्ट्रपति मुर्मु ने मदर टेरेसा मेमोरियल का किया दौरा, गांधी प्रतिमा का भी अनावरण

Wed 22-Jul-2026,11:26 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

राष्ट्रपति मुर्मु ने मदर टेरेसा मेमोरियल का किया दौरा, गांधी प्रतिमा का भी अनावरण Droupadi Murmu Romania Visit
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्कोप्ये में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया।

  • गांधीजी के सत्य, अहिंसा और शांति के संदेश को आज भी विश्व के लिए प्रासंगिक बताया।

  • राष्ट्रपति ने मदर टेरेसा मेमोरियल का दौरा कर भारत-उत्तर मैसीडोनिया संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया।

Delhi / Delhi :

Delhi / भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने तीन देशों के राजकीय दौरे के दौरान गुरुवार को उत्तर मैसीडोनिया की राजधानी स्कोप्ये में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा स्कोप्ये शहर के संग्रहालय में उत्तर मैसीडोनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ संयुक्त रूप से अनावरण की गई। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने महात्मा गांधी के विचारों को आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक बताते हुए शांति, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी के जीवन ने यह सिद्ध किया कि सत्य और अहिंसा कमजोरी नहीं, बल्कि न्याय, सम्मान और स्वतंत्रता प्राप्त करने के सबसे प्रभावी साधन हैं। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया संघर्ष, असहिष्णुता और विभाजन जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब गांधीजी के संवाद, करुणा और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांत पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा गांधी की यह प्रतिमा भारत और उत्तर मैसीडोनिया के बीच मित्रता, शांति, सहिष्णुता और मानवता के साझा मूल्यों का स्थायी प्रतीक बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को नफरत छोड़कर संवाद, सहानुभूति और समाज सेवा का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देगी।

इस कार्यक्रम में स्कोप्ये शहर के मेयर ओर्से ग्योर्गजिएव्स्की, केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर मैसीडोनिया की राष्ट्रपति के साथ स्कोप्ये स्थित मदर टेरेसा मेमोरियल का भी दौरा किया। राष्ट्रपति ने मदर टेरेसा के मानवीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरी दुनिया के लिए सेवा, करुणा और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उल्लेख किया कि मदर टेरेसा का जन्म स्कोप्ये में हुआ था और बाद में वे भारत आकर गरीबों एवं जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित हो गईं। उनके असाधारण मानवीय कार्यों के लिए भारत सरकार ने वर्ष 1980 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा भारत और उत्तर मैसीडोनिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने तीन देशों के राजकीय दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 23 जुलाई 2026 को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए रवाना होंगी, जहां वे दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी।