UP Politics: चिराग पासवान का मिशन 403, बिहार से बाहर बढ़ाएंगे LJP का विस्तार

Sat 18-Jul-2026,12:19 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

UP Politics: चिराग पासवान का मिशन 403, बिहार से बाहर बढ़ाएंगे LJP का विस्तार UP Election 2027
  • चिराग पासवान ने यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

  • 'पंडित-पासी-पासवान' फॉर्मूले के जरिए समावेशी राजनीति पर दिया जोर।

  • पंजाब, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में पार्टी विस्तार की रणनीति घोषित।

Uttar Pradesh / Lucknow :

Lucknow / केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रूप से प्रवेश करने का संकेत देते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी विस्तार की रणनीति के तहत लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश विधानसभा की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनाव लड़ने की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में मजबूत संगठन खड़ा करने की दिशा में काम कर रही है।

चिराग पासवान ने कहा कि उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में उन्होंने ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का विजन दिया था, उसी तरह अब समावेशी राजनीति के जरिए हर जाति, हर धर्म और हर समुदाय को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल समाज को जातियों और वर्गों में बांटकर राजनीति करते हैं, जबकि उनकी पार्टी ‘ए टू जेड’ यानी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है।

इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश के लिए ‘पंडित-पासी-पासवान’ का नया राजनीतिक फॉर्मूला पेश किया। उन्होंने कहा कि यह केवल तीन समुदायों का नाम नहीं, बल्कि एक प्रतीक है, जिसके बीच समाज की हर जाति और हर वर्ग शामिल है। उनका कहना था कि समाज में कोई भी वर्ग भेदभाव या उत्पीड़न से पूरी तरह अछूता नहीं है। अनुसूचित जातियों के साथ अन्याय के उदाहरण सामने आते हैं, वहीं कई बार ऊंची जातियों के लोग भी हिंसा और उत्पीड़न का शिकार होते हैं। उन्होंने बिहार के भरत तिवारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि असामाजिक तत्व किसी एक वर्ग को नहीं, बल्कि पूरे समाज को नुकसान पहुंचाते हैं।

चिराग पासवान ने बताया कि पार्टी का विस्तार केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड और नागालैंड में भी अपने संगठन को मजबूत कर चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने जानकारी दी कि वह जल्द पंजाब जाकर स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकेंगे और वहीं से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। उत्तराखंड में भी पार्टी इकाई ने चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष को जनता की याद आने लगती है और कई मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जाता है। नीट पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि सरकार ने समय रहते कार्रवाई कर अगली परीक्षा को सुरक्षित कराया और अब परिणाम आने के बाद दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी सामाजिक आंदोलन या व्यक्ति का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।

अपने मंत्रालय की योजनाओं का जिक्र करते हुए चिराग पासवान ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) की देश की तीसरी इकाई बिहार में स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए भूमि आवंटन सहित अधिकांश प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही प्रधानमंत्री इसके शिलान्यास के लिए बिहार आ सकते हैं।

उन्होंने अंत में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित देश के प्रत्येक राज्य, जिले, प्रखंड और गांव का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। यही उनकी पार्टी की राजनीतिक और विकास संबंधी प्राथमिकता है।