CM बनते ही विजय के बड़े ऐलान: 200 यूनिट फ्री बिजली, महिला सुरक्षा फोर्स और ड्रग्स पर सख्ती

Sun 10-May-2026,12:23 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

CM बनते ही विजय के बड़े ऐलान: 200 यूनिट फ्री बिजली, महिला सुरक्षा फोर्स और ड्रग्स पर सख्ती Joseph Vijay CM Speech
  • विजय ने शपथ लेते ही 3 बड़े फैसले किए. 

  • महिलाओं की सुरक्षा और ड्रग्स कंट्रोल पर फोकस. 

  • पारदर्शी और सेक्यूलर सरकार का वादा. 

Tamil Nadu / Chennai :

Chennai / तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय शुरू हुआ, जब अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद फिल्मी अंदाज में बेहद जोशीला भाषण दिया। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में हुए इस भव्य समारोह में विजय का अंदाज बिल्कुल उनके फिल्मों वाले किरदार जैसा दिखाई दिया, जिसने समर्थकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

शपथ लेते ही विजय ने तीन बड़े फैसलों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी, महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल फोर्स बनाई जाएगी और ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष यूनिट का गठन किया जाएगा। विजय ने साफ कहा कि युवाओं को नशे से बचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी।

अपने भाषण में विजय भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा, “मुझे पता है भूख क्या होती है। मैं आपमें से एक हूं। मैं आपका भाई और बेटा हूं। आपने मुझे सुपरस्टार बनाया, इसके लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।” विजय ने कहा कि राजनीति में आने के दौरान लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, लेकिन जनता का विश्वास कभी कमजोर नहीं पड़ा।

उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को कोई “भगवान का दूत” नहीं मानते, बल्कि एक सामान्य इंसान समझते हैं। विजय ने जनता से वादा किया कि वे झूठे वादे नहीं करेंगे और केवल वही बातें कहेंगे जिन्हें पूरा करना संभव होगा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति पर जल्द ही एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा ताकि जनता को वास्तविक हालात की जानकारी मिल सके।

विजय ने अपनी सरकार को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून सबके लिए समान होगा, चाहे वह दोस्त हो या विरोधी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी को यह भ्रम है कि सत्ता में आने के बाद मनमानी की जा सकती है, तो वह इसे तुरंत भूल जाए।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय और सेक्यूलर मूल्यों के आधार पर काम करेगी। विजय ने अल्पसंख्यकों को भी अपनी सरकार का अहम हिस्सा बताते हुए कहा कि “अल्पसंख्यक भी विजय का चेहरा हैं।”

अपने भाषण के दौरान विजय ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी नेताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने अपने समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और “व्हाट्सऐप वॉरियर्स” का विशेष रूप से आभार जताया।

विजय ने अंत में कहा कि यह सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि “नए सेक्यूलर और सोशल जस्टिस युग” की शुरुआत का समय है। उनके इस भाषण ने साफ संकेत दिया कि वे खुद को केवल एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि एक बड़े जननेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं।