तमिलनाडु विधानसभा में विजय ने डीएमके विधायक की मदद की, वायरल वीडियो ने खींचा सबका ध्यान

Tue 08-Sep-2026,11:06 AM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

तमिलनाडु विधानसभा में विजय ने डीएमके विधायक की मदद की, वायरल वीडियो ने खींचा सबका ध्यान Tamilnadu DMK News
  • मुख्यमंत्री विजय ने डीएमके विधायक दुरई चंद्रशेखर को उठने में मदद की।

  • घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

  • विजय ने डीएमके पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और महिलाओं के सम्मान पर सख्त रुख अपनाया।

Tamil Nadu / Chennai :

Chennai / तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच मुख्यमंत्री जोसेफ विजय का एक अलग अंदाज देखने को मिला। सदन में डीएमके विधायकों के विरोध और वॉकआउट के बीच मुख्यमंत्री ने डीएमके विधायक दुरई चंद्रशेखर की मदद की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सदन में मौजूद मंत्रियों और अन्य सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना करते हुए मेज थपथपाई।

दरअसल, विधानसभा में डीएमके विधायकों ने स्पीकर के सामने धरना दिया था। बताया गया कि डीएमके विधायक मुख्यमंत्री विजय के भाषण का जवाब देने का अवसर चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद डीएमके विधायकों ने सदन से वॉकआउट करने का फैसला किया।

इसी दौरान तिरुवैयारु से डीएमके विधायक दुरई चंद्रशेखर अपनी सीट पर ही बैठे रहे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजय की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने पूछा कि वह बाकी डीएमके विधायकों के साथ वॉकआउट के लिए क्यों नहीं जा रहे हैं। इस पर दुरई चंद्रशेखर ने बताया कि वह अपनी सीट से उठ नहीं पा रहे हैं।

विधायक की बात सुनकर मुख्यमंत्री विजय ने उनसे पूछा कि आखिर वह उठ क्यों नहीं पा रहे हैं। इसके बाद विजय अपनी सीट से उठे और दुरई चंद्रशेखर की ओर हाथ बढ़ाकर उन्हें खड़े होने में मदद की। मुख्यमंत्री की मदद के बाद डीएमके विधायक भी वॉकआउट में शामिल होने के लिए आगे बढ़े। जाने से पहले उन्होंने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री विजय का आभार जताया।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विधानसभा में मौजूद मंत्रियों और अन्य सदस्यों ने मेज थपथपाकर मुख्यमंत्री के व्यवहार की सराहना की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी मुख्यमंत्री को विधायक दुरई की मदद करते हुए देखा जा रहा है। राजनीतिक गहमागहमी के बीच मुख्यमंत्री का यह व्यवहार चर्चा का विषय बन गया।

महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सख्त संदेश
इससे पहले विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणियों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के बारे में किसी भी तरह की अभद्र या अपमानजनक भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

DMK पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा
विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने डीएमके पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पार्टी फंड के जरिए कथित तौर पर धन जुटाने और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन तथा उदयनिधि स्टालिन का उल्लेख किया है।

विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि के कार्यकाल और सरकारिया आयोग की रिपोर्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डीएमके की ओर से जिन तीन विभागों की फाइलें खोलने की चुनौती दी गई है, उससे पहले वह 1988 में डीएमके सरकार से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों पर सरकारिया आयोग की रिपोर्ट पढ़ना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकारिया आयोग की रिपोर्ट में करुणानिधि पर मुख्यमंत्री पद का कथित तौर पर दुरुपयोग करने से जुड़े आरोपों का उल्लेख किया गया था। विधानसभा में विजय के इन बयानों के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।