PM MODI से मिलेंगे जर्मन चांसलर मर्ज़
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
MODI-Meets-German-Chancellor-Merz-Ahmedabad-2026
प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज़ की अहमदाबाद मुलाकात से भारत–जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद।
साबरमती आश्रम और अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव के जरिए सांस्कृतिक कूटनीति को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
Delhi/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी 2026 को अहमदाबाद में जर्मनी के फेडरल चांसलर महामहिम श्री फ्रेडरिक मर्ज़ से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर चांसलर मर्ज़ 12-13 जनवरी 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जिसे भारत–जर्मनी संबंधों के लिहाज़ से ऐतिहासिक माना जा रहा है।
12 जनवरी की सुबह लगभग 9:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज़ साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे, जहां वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक सहभागिता का प्रतीक है।
इसके पश्चात सुबह 11:15 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में भारत-जर्मनी द्विपक्षीय वार्ताएं आयोजित होंगी। यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि हाल ही में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश, उन्नत प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, श्रम गतिशीलता, रक्षा एवं सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार, अनुसंधान तथा हरित और सतत विकास जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।
इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज़ भारत और जर्मनी के व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। यह यात्रा भारत-जर्मनी संबंधों को नई दिशा देने और भविष्य की साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।