NBA ने आंध्र प्रदेश के लाल चंदन किसानों को 45 लाख रुपये ABS योजना तहत वितरित किए

Fri 02-Jan-2026,01:51 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

NBA ने आंध्र प्रदेश के लाल चंदन किसानों को 45 लाख रुपये ABS योजना तहत वितरित किए Nba Red Sandalwood Farmers Abs Funding
  • अब तक भारत में कुल ABS राशि 143.5 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है, जिससे संरक्षण और किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण संभव।

  • ABS ढांचा लाल चंदन के सतत उपयोग, अवैध व्यापार रोकथाम और कृषि समुदायों के सामाजिक-आर्थिक लाभ को सुनिश्चित करता है।

Andhra Pradesh / Tirupati :

आंध्र प्रदेश/ राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (एनबीए) ने आंध्र प्रदेश के लाल चंदन किसानों को अभिगम और लाभ साझाकरण (ABS) के तहत 45 लाख रुपये जारी किए हैं। यह राशि राज्य जैव विविधता बोर्ड के माध्यम से वितरित की गई है। इस नवीनतम वितरण के साथ भारत द्वारा अब तक जारी कुल ABS राशि 143.5 करोड़ रुपये (16 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक हो गई है।

लाल चंदन किसानों को दोहरी आय का लाभ मिलता है। पहला, खेती की गई लाल चंदन की लकड़ी और लठ्ठों की कानूनी बिक्री से और दूसरा, जैव विविधता अधिनियम, 2002 के तहत ABS ढांचे के माध्यम से मौद्रिक लाभ। यह तंत्र किसानों को सीधे आर्थिक प्रोत्साहन देता है और उन्हें लाल चंदन जैसी मूल्यवान और संकटग्रस्त प्रजातियों के संरक्षण के लिए प्रेरित करता है।

आज तक एनबीए ने आंध्र प्रदेश में 104 करोड़ रुपये (11.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) और तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा व तेलंगाना जैसे अन्य राज्यों को 15 करोड़ रुपये (1.66 मिलियन अमेरिकी डॉलर) से अधिक की राशि जारी की है। केवल पिछले तीन महीनों में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना के 220 से अधिक लाल चंदन किसानों को 5.35 करोड़ रुपये जारी किए गए।

एनबीए का ABS ढांचा लाभों के निष्पक्ष और समान वितरण के साथ सतत उपयोग प्रणालियों को बढ़ावा देता है। यह अवैध व्यापार और अत्यधिक दोहन को रोकने में भी सहायक है। संरक्षण और जैव-आर्थिक लाभ को जोड़कर यह ढांचा लाल चंदन को संरक्षित प्रजाति से कृषि समुदायों के लिए आजीविका-सहायक संपत्ति में बदल देता है।

राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के निरंतर प्रयास किसानों, वैज्ञानिक अनुसंधान और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देते हैं। यह ढांचा भविष्य की पीढ़ियों के लिए लाल चंदन संरक्षण और वैश्विक जैव विविधता प्रयासों में भारत के नेतृत्व को सशक्त करता है।