छत्तीसगढ़ में कांकेर विवाद पर प्रदेश बंद, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन दिया
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
चैंबर के नेताओं ने धर्मांतरण की घटनाओं और प्रशासन के कथित भेदभावपूर्ण रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया।
बंद के दौरान व्यापारी वर्ग मुख्य चौराहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा और ज्ञापन सौंपकर विरोध का संदेश देगा।
Raipur/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर उत्पन्न विवाद ने प्रदेशभर में सियासी और सामाजिक हलचल बढ़ा दी है। इस विवाद के विरोध में सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने 24 दिसंबर को प्रदेश बंद का ऐलान किया है। इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है।
सोमवार को चैंबर के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों और चैंबर पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में मिशनरियों द्वारा स्थानीय जनजाति समाज पर कथित योजनाबद्ध हमले और प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। चैंबर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने सभी को घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
चैंबर संरक्षक और पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने इसे बेहद गंभीर और दुखद बताया, और कहा कि धर्मांतरण की बढ़ती घटनाएं प्रदेश की सामाजिक शांति और ताने-बाने के लिए खतरा हैं। उन्होंने बंद को सुनियोजित तरीके से करने का सुझाव दिया ताकि व्यापारिक नुकसान न्यूनतम हो, लेकिन विरोध का संदेश प्रभावी ढंग से जाए।
पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने कहा कि यह बंद केवल रायपुर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रदेश के हर छोटे और बड़े व्यापारिक केंद्र तक इसे फैलाया जाना चाहिए ताकि देशभर में एकजुटता का संदेश जाए। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि व्यापारी वर्ग विरोध में सड़कों पर उतरेगा और मुख्य चौराहों पर प्रदर्शन कर समाज विरोधी घटनाओं के खिलाफ कड़ा संदेश देगा।
भाटागांव व्यापारी संघ के अध्यक्ष ने भी बंद के पूर्ण समर्थन की घोषणा की और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। इस बंद के माध्यम से व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने एकजुटता का संदेश देते हुए प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
प्रदेश में आगामी बंद के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस बल ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। व्यापारी और नागरिक संगठनों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का संकल्प लिया है।