उत्तर प्रदेश दिवस 2026 की तैयारी तेज, CM योगी के सख्त निर्देश | लखनऊ में होगा मुख्य आयोजन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Uttar Pradesh Diwas 2026
लखनऊ और अन्य जिलों में भव्य सांस्कृतिक और नाट्य कार्यक्रम आयोजित।
ओडीओपी, एक जिला-एक उत्पाद और एक जिला-एक कुजीन की प्रदर्शनी।
माघ मेले में सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुव्यवस्था सुनिश्चित।
Lucknow / मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम उत्तर प्रदेश दिवस (24 से 26 जनवरी) के आयोजन को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि इस बार उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य समारोह लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाए। इसके साथ ही नोएडा शिल्पग्राम (गौतमबुद्ध नगर) समेत प्रदेश के सभी जनपदों, देश के अन्य राज्यों और विदेशों में भी यह आयोजन भव्य रूप से किया जाए, जहां बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के निवासी रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान को मजबूती से प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजनों में सरदार वल्लभ भाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, ‘वंदे मातरम्’ और ‘आनंद मठ’ से जुड़ी नाट्य प्रस्तुतियों सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शामिल किया जाए। उन्होंने 12 जनवरी (युवा दिवस), 23 जनवरी (नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती), 24 जनवरी (उत्तर प्रदेश दिवस), 25 जनवरी (राष्ट्रीय पर्यटन दिवस/मतदाता जागरूकता दिवस) और 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को पूरे प्रदेश में विशेष भव्यता के साथ मनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर ब्लॉक, नगर और जनपद स्तर पर गायन, वादन, नृत्य और नाट्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। इनमें चयनित कलाकारों को पहले मंडल स्तर और फिर लखनऊ में होने वाले मुख्य समारोह में प्रस्तुति का अवसर दिया जाए, साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, माटी कला बोर्ड से जुड़े उत्कृष्ट उद्यमियों, खेल विजेताओं, उत्कृष्ट महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों और वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि हर जनपद में स्थानीय कलाकारों, कवियों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच दिया जाए, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़े। उन्होंने सभी जिलों में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, निगमों और बोर्डों के अध्यक्षों को आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, संगीत नाटक अकादमी और ललित कला अकादमी जैसे संस्थानों को आयोजन से जोड़ने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में 3 जनवरी से शुरू होने जा रहे माघ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। पार्किंग, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी, नाविकों के लिए लाइफ जैकेट और श्रद्धालुओं से मनमाना शुल्क न लिए जाने के सख्त निर्देश दिए गए। अंत में सीएम योगी ने सभी अधिकारियों को नियमित जनसुनवाई करने, जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और मेरिट के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती पर जोर दिया।