प्रियंका गांधी का बयान: सोनिया 80 की होने वाली हैं, इस उम्र में ...

Tue 09-Dec-2025,05:53 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

प्रियंका गांधी का बयान: सोनिया 80 की होने वाली हैं, इस उम्र में ...
  • सोनिया गांधी को कोर्ट नोटिस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि आरोप झूठे और राजनीतिक हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया ने कानून के अनुसार ही वोट डाला है।

  • वोटर लिस्ट विवाद पर अगली सुनवाई 6 जनवरी 2026 को होगी, जहां कांग्रेस कोर्ट में तथ्य रखकर आरोपों का जवाब देगी।

Delhi / Delhi :

दिल्ली/ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को वोटर लिस्ट विवाद में नोटिस भेजे जाने के बाद, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कोर्ट का नोटिस उस आरोप पर आधारित है कि सोनिया गांधी ने भारतीय नागरिक बनने से पहले ही अपना नाम दिल्ली की मतदाता सूची में दर्ज कराया था।

मामले में प्रियंका गांधी ने मीडिया से कहा-
“प्रमाण है उनके पास? बिल्कुल झूठ है। उन्होंने वोट तब डाला है जब वो नागरिक बनी हैं। उनके पीछे क्यों पड़े हैं? बेचारी 80 साल की होने वाली है। पूरी उम्र उन्होंने देश की सेवा की है। इस उम्र में तो छोड़ देना चाहिए।”

प्रियंका गांधी ने इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित विवाद बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी का पूरे जीवन में राजनीतिक और सामाजिक योगदान किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हमेशा कानून और नियमों के अनुसार ही कार्य किया है और ऐसे आरोप सिर्फ राजनीतिक बदले की भावना से लगाए जा रहे हैं।

यह मामला याचिकाकर्ता विकास त्रिपाठी की याचिका से जुड़ा है, जिसमें दावा किया गया है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 की नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में दर्ज था, जबकि उन्हें अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिकता प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर कोर्ट ने विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने के आदेश पर सोनिया गांधी और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2026 को निर्धारित है।

प्रियंका गांधी के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। कांग्रेस के समर्थक उनके बयान को सोनिया गांधी के प्रति सम्मान और राजनीतिक अभियानों में मर्यादा की अपील के रूप में देख रहे हैं। वहीं विपक्षी दल इसे कानून से बचने का प्रयास बता रहे हैं।

हालांकि कांग्रेस स्पष्ट कर चुकी है कि सोनिया गांधी ने कभी भी नागरिकता प्राप्ति से पहले मतदान नहीं किया, और वे अदालत में सभी तथ्यों को रखकर अपनी स्थिति को स्पष्ट करेंगी। अब नजरें आगामी सुनवाई पर टिकी हैं, जहां इस मामले पर आगे की कानूनी दिशा तय होगी।