बजट सत्र में फिर हंगामा, US ट्रेड डील पर आज सरकार का बड़ा बयान
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Parliament-Budget-Session-US-Trade-Deal-Hungama
संसद के बजट सत्र में छठे दिन भी लोकसभा-राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही बार-बार स्थगित
विपक्ष के विरोध से विधायी कामकाज प्रभावित, सरकार ने सदन चलाने की अपील की
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का आज लोकसभा में अहम बयान
Delhi/ संसद के बजट सत्र में छठे दिन भी सियासी घमासान थमता नजर नहीं आया। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में विपक्ष के जोरदार हंगामे ने कार्यवाही को लगभग ठप कर दिया। नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के कारण लोकसभा की कार्यवाही महज 5 मिनट में ही स्थगित करनी पड़ी। इस बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर आज सरकार का अहम बयान प्रस्तावित है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
लोकसभा में भारी हंगामा, कार्यवाही स्थगित:
कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद अपनी सीटों से उठकर नारेबाजी करने लगे। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन को सुचारू रूप से चलाने का प्रयास किया और विपक्ष से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन हंगामा थमने का नाम नहीं लिया। हालात बिगड़ते देख स्पीकर ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले सदन केवल 5 मिनट ही चल सका।
US Trade Deal पर बड़ा बयान आज:
आज के सत्र में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल लोकसभा में भारत-अमेरिका ट्रेड डील (US Trade Deal) पर महत्वपूर्ण बयान देने वाले हैं। यह बयान बजट सत्र का सबसे अहम अपडेट माना जा रहा है। सरकार की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि इस समझौते से भारत के निर्यात, निवेश और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।
राज्यसभा में भी नहीं बनी सहमति:
राज्यसभा में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। शून्यकाल के दौरान विपक्ष ने नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया। लेफ्ट सांसद जॉन ब्रिटास ने बिजनेस सस्पेंड कर चर्चा की मांग की। सभापति द्वारा अनुमति न मिलने पर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित रही।
बजट सत्र पर संकट:
लगातार हो रहे हंगामे से बजट सत्र का विधायी कामकाज प्रभावित हो रहा है। विपक्ष जहां विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि सदन को चलने दिया जाए ताकि जरूरी विधेयकों पर बहस हो सके।