LPG कमी की अफवाहों पर सरकार का बयान: देश में पर्याप्त स्टॉक, दो जहाज गैस लेकर भारत आ रहे हैं
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
India LPG Supply Update
LPG कमी की अफवाहों पर सरकार ने दी सफाई।
LPG कमी की अफवाहों पर सरकार ने दी सफाई।
पैनिक बुकिंग रोकने के लिए नए नियम और छापेमारी।
Delhi / देश में गैस की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर गैस सिलेंडर की एडवांस बुकिंग करने से बचें।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार के कई मंत्रालय लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश की तेल रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और गैस सप्लाई की कोई बड़ी समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी।
सरकार के अनुसार हाल के दिनों में लोगों ने डर के कारण जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया था। आंकड़ों के मुताबिक 13 मार्च को एक ही दिन में करीब 88.8 लाख सिलेंडर बुक किए गए, जो सामान्य मांग से काफी अधिक है। इस पैनिक बुकिंग को रोकने के लिए सरकार ने नए नियम लागू किए हैं। अब शहरों में 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर बुक नहीं किया जा सकेगा।
इसी के साथ सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी कई राज्यों में बहाल कर दी है। अधिकारियों के अनुसार 29 राज्यों में कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है, जिससे होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट जैसे व्यवसायों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर भी सख्ती कर रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित कई राज्यों में एजेंसियों और गोदामों पर अचानक छापेमारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति या संस्था गैस की अवैध जमाखोरी करते हुए पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच एक और राहत भरी खबर सामने आई है। दो भारतीय जहाज बड़ी मात्रा में एलपीजी लेकर सुरक्षित भारत की ओर बढ़ रहे हैं। मिनिस्ट्री ऑफ पोर्ट्स, शिपिंग एंड वाटरवेज के विशेष सचिव राजेश के सिन्हा के अनुसार ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ नाम के ये जहाज फारस की खाड़ी से एलपीजी लेकर भारत आ रहे हैं। उम्मीद है कि ये जहाज 16 से 17 मार्च के बीच मुंद्रा और कांडला बंदरगाह पर पहुंच जाएंगे।
सरकार ने बंदरगाहों पर गैस लेकर आने वाले जहाजों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति को देखते हुए भारत लगातार कई देशों के संपर्क में बना हुआ है, ताकि ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित न हो।
अंत में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों से दूर रहें। सरकार ने कहा है कि केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और घबराहट में अनावश्यक बुकिंग से बचें। सरकार का भरोसा है कि इन कदमों से गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।