बिश्केक में मोदी-पुतिन की मुलाकात, यूक्रेन युद्ध पर PM मोदी का बड़ा संदेश
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
India Russia Relations
मोदी-पुतिन ने बिश्केक में द्विपक्षीय संबंधों पर अहम चर्चा की।
पीएम मोदी ने यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया।
सितंबर में पुतिन की प्रस्तावित भारत यात्रा पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले अहम द्विपक्षीय मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक आधे घंटे से अधिक समय तक चली। बातचीत में भारत-रूस के मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों के साथ व्यापार, आर्थिक सहयोग, यूक्रेन युद्ध, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत के पुराने और स्पष्ट रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि दुनिया को मानवता के हित में युद्ध की स्थिति से बाहर निकलकर शांति और संवाद की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा, “हमें मानवता की भलाई के लिए Endless War से End of War की ओर बढ़ना होगा।”
प्रधानमंत्री ने यूक्रेन संकट के समाधान को लेकर भारत की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत सभी शांतिपूर्ण प्रयासों का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने जोर दिया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में सभी समस्याओं का समाधान बातचीत और शांतिपूर्ण तरीकों से किया जाना जरूरी है।
भारत-रूस संबंधों पर पुतिन ने जताया भरोसा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बैठक के दौरान भारत और रूस के बीच लगातार मजबूत हो रहे संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आगे बढ़ रहे हैं और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत ध्यान और रुचि की अहम भूमिका है।
पुतिन ने दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को लेकर भी सकारात्मक रुख सामने रखा। उनके अनुसार, भारत और रूस के बीच व्यापार टर्नओवर में दो फीसदी से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। पर्यटन के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ा है। पुतिन ने बताया कि 2025 में भारत और रूस के बीच पर्यटकों की आवाजाही में 16 फीसदी की वृद्धि हुई।
सितंबर में भारत आएंगे पुतिन
बैठक में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रस्तावित भारत यात्रा का मुद्दा भी सामने आया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में पुतिन की भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती देने का अवसर बनेगी।
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान वैकल्पिक सप्लाई रूट, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और बहुपक्षीय सहयोग जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत और रूस आर्थिक तथा रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
बिश्केक में दिखी ‘कार डिप्लोमेसी’
मोदी-पुतिन की मुलाकात के बाद दोनों नेता Nomad Games कार्यक्रम के लिए भी साथ रवाना हुए। दोनों नेताओं का एक ही गाड़ी में कार्यक्रम स्थल की ओर जाना चर्चा का विषय बना। इसे दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों और अनौपचारिक संवाद की एक और तस्वीर के तौर पर देखा गया।
औपचारिक बैठक के अलावा एक ही वाहन में सफर के दौरान भी दोनों नेताओं को आपसी बातचीत का अवसर मिला। ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं, मोदी-पुतिन की यह मुलाकात भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की निरंतरता और दोनों देशों के बीच संवाद के महत्व को रेखांकित करती है।