सूरत आग हादसा: लिंबायत में पांच की मौत, गैस रिसाव बना कारण
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Surat-Limbayat-House-Fire-Five-Dead-Gas-Leak-Incident
सूरत के लिंबायत में गैस रिसाव से लगी भीषण आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, ज्वलनशील साड़ी स्टॉक ने हादसे को और घातक बनाया।
प्रशासन और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की, रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील सामग्री के भंडारण और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठे।
Surat/ सूरत के लिंबायत इलाके में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक घर में आग लगने की घटना ने दिल दहला दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर के ग्राउंड फ्लोर पर खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ, जिसके चलते अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब घर की तलाशी ली गई, तो अंदर से पांच शव बरामद हुए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एडिशनल सीपी बलराम मीणा के अनुसार, मृतकों में चार महिलाएं और एक चार वर्षीय बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65), हुसैना बेगम अंसारी (18), शबीना रमजान अंसारी (28), खुशनुमा अब्दुल अंसारी (19) और सुभान रमजान अंसारी (4) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार घर में ही साड़ियों की पैकिंग और स्टिचिंग का काम करता था। घर के अंदर बड़ी मात्रा में पॉलिएस्टर साड़ियों का स्टॉक रखा हुआ था, जिसमें केमिकल और ऑयल का उपयोग होता है। इसी कारण आग तेजी से फैल गई और उसने भयानक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। फायर ब्रिगेड ने एक घायल को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि बाकी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
फिलहाल, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएंगे। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील सामग्री रखने और सुरक्षा उपायों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।