UP से दिल्ली तक 30 बड़ी खबरें: लूट, धमाका, मुठभेड़ से लेकर ईद और अंतरराष्ट्रीय तनाव तक अपडेट

Sat 21-Mar-2026,12:16 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

UP से दिल्ली तक 30 बड़ी खबरें: लूट, धमाका, मुठभेड़ से लेकर ईद और अंतरराष्ट्रीय तनाव तक अपडेट Breaking News Hindi
  • यूपी में लूट, मुठभेड़ और हादसों की घटनाएं. 

  • ईद के मौके पर देशभर में दिखा उत्साह​.

  • अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता तनाव और बड़े फैसले​.

Delhi / Delhi :

Delhi / उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की 29 बड़ी खबरों में अपराध, हादसे, राजनीति और त्योहारों से जुड़ी अहम घटनाएं शामिल हैं। लखनऊ में लूट, झांसी में धमाका, कई जिलों में मुठभेड़, किसानों की परेशानी, ईद का उत्साह और मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव प्रमुख खबरें रहीं। यह अपडेट आपको देश-विदेश की ताजा और महत्वपूर्ण घटनाओं से एक साथ जोड़ता है, जिससे आप हर बड़ी खबर से अपडेट रह सकते हैं।

1. लखनऊ – राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के सैनिक नगर में एक युवती से मोबाइल लूट की घटना सामने आई है। घटना के तुरंत बाद युवती ने कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने लगी। आरोप है कि पुलिस ने घटना के बाद तीन दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया और तहरीर के नाम पर पीड़िता को लगातार टालती रही। इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें बदमाश युवती से मोबाइल छीनकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

2. लखनऊ – ईद-उल-फितर के मौके पर राजधानी में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। हजरतगंज स्थित शाही मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की। सुबह से ही मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी भी शाही मस्जिद पहुंचे और नमाज अदा की। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।

3. झांसी – बबीना क्षेत्र में स्थित इंडो गल्फ फैक्ट्री में भीषण धमाका होने से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की छत पूरी तरह उड़ गई और आसपास के इलाके में तेज आवाज सुनकर लोग सहम गए। विस्फोट के बाद फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया और डेढ़ किलोमीटर दूर तक कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। हादसे में घायल नवल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा कारणों से फैक्ट्री को पूरी तरह सील कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

4. हापुड़ – जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत का असर अब स्थानीय कारोबार पर भी पड़ने लगा है। कई रेस्टोरेंट संचालक गैस की कमी से परेशान हैं और सिलेंडर न मिलने के कारण कई काउंटर बंद करने पड़े हैं। रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि गैस की कमी के चलते उनके कारोबार में लगभग 70 प्रतिशत तक गिरावट आई है। वहीं बढ़ती लागत के कारण खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़ाने पड़े हैं। कई जगह 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे ग्राहकों की जेब पर महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।

5. बुलंदशहर – चर्चित अनिल मावी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के साजिशकर्ता को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। सिकंदराबाद क्षेत्र में जौली कट के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी निवेश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक और तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

6. बिजनौर – संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन पार्टी में गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृतक की बहन का आरोप है कि दोस्तों ने उसे नशा करने के लिए मजबूर किया था। परिजनों ने युवक के दोस्तों अरमान और अर्सलान पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला शेरकोट थाना क्षेत्र का है।

7. फर्रुखाबाद – लूट के आरोपियों से एसओजी और पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बताया गया कि एक दिन पहले ई-रिक्शा चालक से लूट की घटना हुई थी। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश उपेंद्र के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दो बदमाशों को हिरासत में लिया है और घायल बदमाश व सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की है।

8. मेरठ – ईद की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शाही ईदगाह समेत कई प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। एसएसपी और डीएम खुद पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

9. श्रावस्ती – पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की है। कर्तव्यों में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में उपनिरीक्षक सतीश चंद्र मिश्रा और आरक्षी विजय लाल को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पुलिसकर्मी मल्हीपुर थाना क्षेत्र में तैनात थे। विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

10. ललितपुर – जिले में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। पाली तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांवों में ओले गिरने से गेहूं और अन्य फसलें बर्बाद हो गईं। सैकड़ों गांवों के किसान इस नुकसान से परेशान हैं और उनके चेहरों पर मायूसी छा गई है। प्रशासन ने राजस्व टीम को नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।

11. फिरोजाबाद – हिरनगांव अकबरपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश जवाहर लाल के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आठ से दस घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों पुष्पेंद्र और पवन को भी कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

12. फिरोजाबाद – उपले तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई, जिसमें दो महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना टूंडला थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव की है।

13. अम्बेडकरनगर – सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मछली गांव में मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

14. प्रयागराज – गंगानगर इलाके में एक सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कृपाल सिंह के रूप में हुई है, जो पुलिस कमिश्नर की एस्कॉर्ट टीम में तैनात था। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीन दिन पहले हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।

15. चंदौली – डायल 112 में तैनात सिपाही विजय कुमार पर नशे की हालत में दुकानदार से बिना पैसे सामान मांगने का आरोप लगा है। दुकानदार के मना करने पर सिपाही ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला शहाबगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

16. सोनभद्र – ओवरलोड कोल ट्रेलर से कोयले की बड़ी चट्टान गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा पीडब्ल्यूडी मोड़ रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

17. कन्नौज – उमर्दा ब्लॉक के फिरोजपुर कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सहायक अध्यापक ने प्रधानाध्यापक को जमकर पीटा। प्रधानाध्यापक ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। बीएसए ने मामले में सहायक अध्यापक दीप्ति यादव को निलंबित कर दिया है।

18. श्रावस्ती – सोनपथरी आश्रम प्रकरण में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। धार्मिक भावना आहत करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

19. हल्द्वानी – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज हल्द्वानी के दौरे पर रहेंगे, जहां वह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 12:40 बजे आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे।

20. बागेश्वर – उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में सुबह 4:56 बजे 2.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

21. देहरादून – शिखर फॉल के पास एक कार खाई में गिर गई। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत दो लोगों को रेस्क्यू कर लिया। दोनों घायल देहरादून के रहने वाले हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक युवक अभी भी खाई में फंसा हुआ है, जिसे निकालने के प्रयास जारी हैं।

22. हरिद्वार – पथरी जंगल क्षेत्र में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भूरा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि 14 मार्च की रात तीन खैर के पेड़ काटे गए थे। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

23. दिल्ली – एयर इंडिया की दिल्ली से वैंकूवर जाने वाली उड़ान AI185 को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। बताया गया कि गलत विमान भेजे जाने के कारण यह समस्या हुई। बोइंग 777-200LR को कनाडा के एयरस्पेस में प्रवेश की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण विमान को चीन से वापस दिल्ली लौटना पड़ा।

24. दिल्ली – सऊदी अरब में काम करने गए उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के युवक रवि की मिसाइल हमले में मौत हो गई। बताया गया कि हमले के समय वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक छह भारतीयों की मौत हो चुकी है।

25. दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-फितर के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व समाज में भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने सभी के सुखी और स्वस्थ रहने की कामना की।

26. दिल्ली – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ईद के अवसर पर देश के मुस्लिम समुदाय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा और समाज को मजबूत बनाने का संदेश देता है और सभी को मिलकर राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

27. वॉशिंगटन – मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान के कच्चे तेल पर लगी पाबंदियों को अस्थायी रूप से 30 दिनों के लिए हटा दिया है। यह छूट केवल उन तेल खेपों पर लागू होगी जो पहले से ट्रांजिट में हैं। इस फैसले को वैश्विक तेल कीमतों में उछाल रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

28. ईरान – ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के रस अल खैमा शहर को लेकर कड़ा अल्टीमेटम जारी किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने चेतावनी देते हुए कहा है कि शहर को तुरंत खाली कर दिया जाए क्योंकि यह संभावित सैन्य हमले का लक्ष्य बन सकता है।

29. ईरान – ईरान ने हिंद महासागर में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक डिएगो गार्सिया सैन्य बेस को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागी गई। इसे मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान का सबसे लंबी दूरी का हमला बताया जा रहा है।

30. दक्षिण कोरिया – दक्षिण कोरिया के डेजॉन शहर में कार पार्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 10 लोगों की मौत और 59 लोग घायल हो गए। हादसे के समय फैक्ट्री में 170 कर्मचारी मौजूद थे। 25 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता हैं। इमारत के ढहने और अंदर रखे 200 किलोग्राम सोडियम के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयां आईं। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और राहत अभियान जारी है।