महासमुंद रोपवे हादसा: खल्लारी मंदिर घटना पर NHRC ने मांगी रिपोर्ट

Thu 26-Mar-2026,01:58 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

महासमुंद रोपवे हादसा: खल्लारी मंदिर घटना पर NHRC ने मांगी रिपोर्ट Mahasamund-Ropeway-Accident-NHRC
  • महासमुंद में खल्लारी मंदिर रोपवे हादसे में एक महिला की मौत, 16 घायल, एनएचआरसी ने स्वतः संज्ञान लेकर रिपोर्ट तलब की।

  • आयोग ने मुआवजा, स्वास्थ्य स्थिति और सुरक्षा मानकों पर जानकारी मांगी, प्रशासन को दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश।

Chhattisgarh / Mahasamund :

Mahasamund/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खल्लारी माता मंदिर से लौटते समय हुए रोपवे हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (National Human Rights Commission) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य प्रशासन से जवाब मांगा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 मार्च 2026 को यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु रोपवे के जरिए मंदिर से लौट रहे थे। अचानक रोपवे का तार टूट गया, जिससे ट्रॉली नीचे गिर गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत बागबाहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचआरसी ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और महासमुंद के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने अपनी नोटिस में कहा है कि यदि रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही पाई जाती है, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। साथ ही आयोग ने घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और मृतक के परिजनों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी मांगा है।

यह हादसा सुरक्षा मानकों और रोपवे संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के उपाय करे।