खीरी में बाघ का हमला: पांच बछड़ों को बनाया शिकार

Wed 18-Mar-2026,03:49 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

खीरी में बाघ का हमला: पांच बछड़ों को बनाया शिकार Lakhimpur-Tiger-Attack-Calves
  • बौधिया कला गांव में बाघ ने गौपालक के बंगले में घुसकर पांच नवजात बछड़ों को मार डाला, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई।

  • ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Uttar Pradesh / Lakhimpur :

बम्हनपुर-खीरी/ बम्हनपुर-खीरी क्षेत्र के बौधिया कला गांव में सोमवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बाघ ने गौपालक के बंगले में घुसकर पांच नवजात बछड़ों को मार डाला। यह घटना रात करीब चार बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बौधिया कला निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ बुधई यादव के बंगले में गायें बंधी हुई थीं। इन गायों ने कुछ दिन पहले ही बछड़ों को जन्म दिया था। देर रात बाघ चुपके से बंगले में घुस आया और गायों के पास बंधे पांचों बछड़ों को अपना शिकार बना लिया।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल गांव से लगभग 500 मीटर दूर नहर के किनारे स्थित है, जिससे बाघ के आने-जाने में आसानी हुई। सुबह जब गौपालक ने यह दृश्य देखा तो वह स्तब्ध रह गया। इस घटना से उसे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का बड़ा नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की हलचल देखी गई है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल वन विभाग को सूचना दे दी गई है और अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की उम्मीद है। गांव के लोग अब रात में घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं और अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।