अनुष्का हत्याकांड: कंकाल की पहचान पर विवाद, मां ने डीएनए जांच की मांग, जांच तेज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Anushka Murder Case
अनुष्का हत्याकांड में कंकाल की पहचान पर विवाद.
मां ने डीएनए जांच की मांग उठाई.
पुलिस ने जांच और पूछताछ तेज की.
Meerut / मेरठ के राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का हत्याकांड ने एक बार फिर पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है, जब नाले से बरामद कंकाल की पहचान पर खुद उसकी मां ने सवाल खड़े कर दिए हैं। मां का कहना है कि यह अवशेष उनकी बेटी के नहीं हैं, क्योंकि बालों और शारीरिक बनावट में अंतर दिखाई दे रहा है। इसके बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है और पुलिस ने डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अनुष्का करीब डेढ़ महीने से लापता थी और अपने भाई के साथ किराये के मकान में रहकर पढ़ाई और कबड्डी का अभ्यास कर रही थी। वह राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी थी और खेल जगत में उसका भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी श्याम धानक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद ईंटों से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार की और शव को नाले में फेंकने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर ही कंकाल बरामद हुआ।
हालांकि अब परिजनों की शंका के बाद मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस का कहना है कि असली पहचान केवल डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। परिवार ने यह भी मांग की है कि पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, क्योंकि इतनी बड़ी घटना के बाद भी लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला।
अब सबकी नजरें डीएनए रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।