लखनऊ में ऑनर किलिंग का खुलासा, पिता ने बेटी की हत्या कर रचा साजिश

Tue 21-Apr-2026,04:19 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

लखनऊ में ऑनर किलिंग का खुलासा, पिता ने बेटी की हत्या कर रचा साजिश Lucknow-Honor-Killing-Father-Kills-Daughter-Case
  • लखनऊ के चिनहट में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज खुलासा, पिता ने साथी के साथ मिलकर 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव नहर किनारे फेंका।

  • आरोपी ने गुमराह करने के लिए खुद गुमशुदगी दर्ज कराई और प्रेमी पर आरोप लगाया, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।

  • पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद किया, मामले में सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Uttar Pradesh / Lucknow :

Lucknow Crime/ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की बुनियाद और इंसानियत को झकझोर दिया है। चिनहट इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इस जघन्य अपराध को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उसके पिता ने अपने साथी के साथ मिलकर दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिता विजय कुमार चौबे अपनी बेटी के प्रेम संबंध से नाराज था। इसी वजह से उसने अपने साथी अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत वह बेटी को झाड़-फूंक के बहाने कार में बैठाकर ले गया और रास्ते में गमछे से उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए शव के चेहरे को एसिड से जला दिया। इसके बाद शव को बाराबंकी जिले के बड्डूपुर क्षेत्र में शारदा नहर के किनारे फेंक दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या या हादसे जैसा लगे।

घटना को छिपाने के लिए आरोपी पिता ने खुद ही आईजीआरएस पोर्टल पर बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई और उसके प्रेमी पर उसे भगाने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ और गहराई से जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपियों से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। चिनहट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजय कुमार चौबे और अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल गमछा और कार भी बरामद कर ली गई है।

इस मामले का खुलासा इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा और उनकी टीम ने किया। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

यह घटना न केवल एक हत्या है, बल्कि सामाजिक सोच पर भी सवाल खड़े करती है। जिस पिता को अपनी बेटी की रक्षा करनी थी, वही उसकी मौत का कारण बन गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।