लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या: नीलो नहर से मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Punjabi Singer Inder Kaur Murder Case
पंजाबी सिंगर इंदर कौर की दर्दनाक हत्या.
नहर से शव बरामद होने से सनसनी.
पुलिस अपहरण और हत्या दोनों एंगल से जांच.
Ludhiana / पंजाब के लुधियाना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 6 दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा की गई पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या कर दी गई। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, इंदर कौर 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार से घर से ग्रोसरी लेने निकली थीं, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिनों बाद उनका शव नीलो नहर से बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल समराला में रखा गया है।
परिवार का आरोप है कि इंदर कौर की हत्या एक साजिश के तहत की गई है। उनके भाई जोतइंदर सिंह के मुताबिक, मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा उनकी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन जब इंदर कौर ने इस रिश्ते से इनकार किया तो वह नाराज हो गया। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर पहले उनका अपहरण किया और फिर हत्या कर दी।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस में FIR दर्ज होने के बावजूद समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों को भागने का मौका मिल गया। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह कनाडा फरार हो गया है।
थाना जमालपुर पुलिस ने बताया कि नहर से शव मिलने की सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया। पुलिस अब पूरे मामले की हत्या और अपहरण दोनों एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
यह मामला अब सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर रहा है, क्योंकि समय पर कार्रवाई होती तो शायद इस दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था।