उत्तराखंड के विकासनगर में युवक की मौत के बाद बढ़ा तनाव, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dehradun Murder Case
बैरागीवाला गांव में हिंसक झड़प में युवक की मौत, तीन लोग घायल।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश।
तनाव के बीच इंटरनेट बंद, पुलिस बल तैनात और कार्रवाई जारी।
Vikasnagar / उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें विनोद नाम के एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों तथा विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी हैं।
इस बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गांव की गलियों में अफरा-तफरी, चीख-पुकार और लोगों के भागने के दृश्य कैद हुए हैं। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर पर हमला कर आग लगा दी। मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।