जीटीबी अस्पताल से 7 माह का बच्चा लापता: महिला पर अपहरण का शक, पुलिस जांच जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
GTB Hospital News
जीटीबी अस्पताल से 7 माह का बच्चा लापता.
महिला पर बच्चे को लेकर फरार होने का शक.
पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की.
Delhi / दिल्ली के जीटीबी अस्पताल से सात माह के मासूम बच्चे के लापता होने की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। यह मामला उस समय सामने आया जब एक महिला बच्चे को अस्पताल से लेकर गायब हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता नाजरीन निवासी सीलमपुर अपनी बीमारी के इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक अज्ञात महिला से हुई, जो पिछले कुछ दिनों से उससे लगातार संपर्क में थी। धीरे-धीरे दोनों में जान-पहचान बढ़ गई और अस्पताल में भी साथ आने-जाने लगे।
घटना वाले दिन नाजरीन मेडिकल पर्ची बनवाने के लिए अंदर गई और अपने सात माह के बच्चे को उस महिला के पास छोड़ दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद जब वह वापस लौटी, तो न महिला वहां थी और न ही बच्चा। यह देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि महिला की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साथ ही अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि यह एक सुनियोजित अपहरण का मामला हो सकता है, इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है। महिला की पहचान और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। फिलहाल पूरे मामले ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।