दिल्ली मालवीय नगर आग हादसा: अवैध होटल में लगी भीषण आग, 22 की मौत, जांच जारी

Sun 07-Jun-2026,11:52 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

दिल्ली मालवीय नगर आग हादसा: अवैध होटल में लगी भीषण आग, 22 की मौत, जांच जारी New Delhi News
  • दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड में 22 लोगों की मौत. 

  • 50 से अधिक लोग हादसे में प्रभावित हुए.

  • अवैध होटल और सुरक्षा लापरवाही की जांच जारी. 

Delhi / Delhi :

Delhi / दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में स्थित अवैध होटल में लगी भीषण आग ने एक बार फिर दर्दनाक मोड़ ले लिया है। इस हादसे में शनिवार रात एक और घायल व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतक की पहचान नाइजीरियन मूल के नागरिक नडुबुइसी फर्डिनेंड ओकेले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह आग में गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनकी हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया। वहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार शाम उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस भीषण अग्निकांड में अब तक 50 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। हादसे में पहले ही 21 लोगों की मौत हो चुकी थी और 37 घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी था। अब एक और मौत के बाद मृतकों की संख्या 22 हो गई है, जिससे पीड़ित परिवारों में शोक की लहर है।

दमकल विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 49 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से मिले सबूतों का विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा कैसे हुआ।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अवैध होटल संचालन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी जांच की जा रही है। इस घटना ने राजधानी में भवन सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।