Farmer Protest News: दिल्ली बॉर्डर से लौटे किसान, आंदोलन स्थगित लेकिन संघर्ष जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Punjab Farmer Protest
पुलिस से बातचीत के बाद दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित, किसान पंजाब लौटे।
किसान संगठनों ने कहा कि आंदोलन खत्म नहीं, जल्द बनेगी नई रणनीति।
ट्रेड डील, गिरफ्तार किसानों की रिहाई और सरकार से वार्ता की मांग प्रमुख मुद्दे रहे।
New Delhi / पंजाब से दिल्ली कूच कर रहे किसानों का आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हरियाणा और दिल्ली सीमा पर पुलिस के साथ लंबी बातचीत के बाद किसान संगठनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लौटने का फैसला किया। हालांकि किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है और जल्द ही अगली रणनीति की घोषणा की जाएगी।
शंभू बॉर्डर पर रोके जाने के बाद किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों का उद्देश्य किसी भी बैरिकेड को तोड़ना या टकराव पैदा करना नहीं है। उन्होंने मांग की कि गुरनाम सिंह चढूनी सहित गिरफ्तार किसानों को तुरंत रिहा किया जाए और केंद्र सरकार किसान संगठनों के साथ औपचारिक बातचीत शुरू करे।
बहादुरगढ़ बाईपास पर मंगलवार सुबह से डटे किसान पुलिस के साथ हुई बातचीत के बाद वापस लौटने को तैयार हो गए। भारतीय किसान यूनियन खोसा से जुड़े किसान 5 से 6 बसों में पंजाब से पहुंचे थे। अब वे फिरोजपुर, मोगा और लुधियाना की ओर लौट रहे हैं। किसान नेता सुखजिंदर सिंह ने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के तहत कृषि क्षेत्र के हितों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि आंदोलन केवल स्थगित हुआ है, समाप्त नहीं।
इस बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर किसानों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए बैरिकेडिंग करने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि सरकार किसानों, युवाओं और अन्य वर्गों की चिंताओं का समाधान करने में विफल रही है और टकराव से बचने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
उधर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सांसदों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) में किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे और उनके कल्याण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस द्वारा शंभू बॉर्डर, शाहबाद और अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग किए जाने के बाद कुछ किसान अपने वाहन छोड़कर पैदल ही दिल्ली की ओर बढ़ने लगे। आंदोलन को देखते हुए दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक रूट भी जारी किए गए हैं, ताकि पंजाब और दिल्ली के बीच आवागमन प्रभावित न हो। किसान संगठनों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन का अगला चरण जल्द घोषित किया जाएगा।