अंबेडकरवादी और बौद्ध विचारक श्री राम पाल राही को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Wardha News
समाजसेवी राम पाल राही के निधन पर शोकसभा.
अंबेडकरवादी आंदोलन और बौद्ध धर्म में महत्वपूर्ण योगदान.
ब्रिटेन और भारत में सामाजिक कार्यों की प्रेरक विरासत.
Wardha / ब्रिटेन में अंबेडकरवादी विचारधारा और बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ समाजसेवी श्री राम पाल राही के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस दुखद अवसर पर, जेतवन बुद्ध विहार सिंधी मेघे में एक विशेष शोकसभा का आयोजन किया गया।
श्री राम पाल राही का जीवन समाज के उत्थान और बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को समर्पित था। लुधियाना स्थित तक्षशिला बुद्ध विहार के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय और अग्रणी रही। उन्होंने 'फेडरेशन ऑफ अंबेडकरवादी एंड बुद्धिस्ट ऑर्गेनाइजेशन, यूके और 'अंबेडकर मिशन सोसाइटी, बेडफर्ड' के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं देकर समाज को नई दिशा प्रदान की।
शोकसभा की शुरुआत बुद्ध वंदना के साथ हुई। उपस्थित उपासक एवं उपासिकाओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनके कार्यों एवं मिशन को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित उपासक एवं उपासिकाओं ने उनके प्रति अपनी अंतिम श्रद्धा व्यक्त की।
इस श्रद्धांजलि सभा में बोधिभंते ओमप्रकाश बौद्ध ने अपने विचार रखते हुए कहा, श्री राम पाल राही जी एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जो अपनी ईमानदारी, अटूट संघर्ष और बाबासाहेब के मिशन के प्रति अटूट समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनका जाना अंबेडकरवादी आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। श्री राम पाल राही जी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, किंतु उनके द्वारा किए गए सेवा-कार्य और वैचारिक चेतना निरंतर समाज का मार्गदर्शन करती रहेगी।