Lucknow Fire News: तीन मंजिला इमारत में आग, 15 लोगों की दर्दनाक मौत
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Lucknow News
लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की मौत, कई घायल।
मुख्यमंत्री योगी ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पीएम मोदी और यूपी सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता घोषित की।
Lucknow / लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। अलीगढ़ का अपना निर्धारित दौरा बीच में रद्द कर मुख्यमंत्री सीधे लखनऊ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री केजीएमयू पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताया और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।