ऐतिहासिक केलझर बुद्ध विहार में डॉ. तेजवरो महाथेरो (गुरुदेव) का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Buddh Vihara
केलझर बुद्ध विहार में जन्मदिवस समारोह आयोजित.
बौद्ध अनुयायियों ने बुद्ध वंदना और भोजनदान में भाग लिया.
विश्व शांति और मानवता के लिए सामूहिक प्रार्थना.
Wardha / वर्धा जिले के ऐतिहासिक केलझर स्थित बुद्ध विहार में परम पूज्य डॉ. तेजवरो महाथेरो (गुरुदेव) का जन्मदिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मांगलिक अवसर पर वर्धा जिले सहित समीपवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी, उपासक और उपासिकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक बुद्ध वंदना से हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इस पावन अवसर पर मुख्य आकर्षण भोजनदान और अष्टपरिष्कार का आयोजन रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भिक्षु संघ को दान अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा वातावरण 'बुद्धं शरणं गच्छामि' के पावन जयघोष से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्यों ने गुरुदेव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना की। इस अवसर पर बोधि भंते ओमप्रकाश बौद्ध ने अपने संबोधन में कहा की गुरुदेव का धम्म के प्रति अटूट समर्पण और सेवा भाव हम सभी के लिए महान प्रेरणा है। हम कामना करते हैं कि उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज को निरंतर प्राप्त होता रहे, ताकि हम धम्म के मार्ग पर अग्रसर रहें।
आयोजन के समापन पर उपस्थित जनसमूह ने विश्व शांति, मानवता के उत्थान और प्राणी मात्र के कल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय बुद्ध विहार समिति के सदस्यों और वर्धा के बौद्ध अनुयायी, उपासक और उपासिकाओं का सहयोग रहा।