विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसा: पिघला स्टील रिसाव से 8 श्रमिकों की मौत, रेस्क्यू जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Visakhapattanam News
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 8 श्रमिकों की मौत.
पिघले स्टील रिसाव से कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल.
राहत और बचाव कार्य जारी, प्रशासन ने जांच शुरू की.
Visakhapatnam / आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में अब तक आठ श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट यूनिट में पिघले हुए स्टील के बड़े रिसाव के कारण हुआ, जहां तापमान लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक लैडल में अचानक विस्फोट होने के बाद पिघला हुआ स्टील बाहर फैल गया और वहां काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी भयावह थी कि कई कर्मचारी मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ लोगों के यूनिट के भीतर फंसे होने की भी आशंका जताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद फायर और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अभी तक घायलों और फंसे हुए कर्मचारियों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और संबंधित विभागों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने भी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली और तुरंत प्रभावी कदम उठाने के आदेश दिए।
गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहकर बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं।
यह कोई पहला मामला नहीं है। वर्ष 2020 में भी इसी स्टील प्लांट में कई गंभीर हादसे हुए थे, जिनमें लगभग 29 लोगों की जान गई थी। बार-बार हो रहे ऐसे हादसों ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।