झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवाणी को भाजपा समर्थन पर सस्पेंस, NDA में बैठकों का दौर तेज

Sun 07-Jun-2026,11:16 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवाणी को भाजपा समर्थन पर सस्पेंस, NDA में बैठकों का दौर तेज Jharkhand Rajya Sabha Election
  • झारखंड राज्यसभा चुनाव में भाजपा की रणनीति पर सस्पेंस. 

  • परिमल नाथवाणी को NDA समर्थन मिलने की चर्चा तेज. 

  • रांची और दिल्ली में राजनीतिक बैठकों का दौर जारी. 

Jharkhand / Ranchi :

Ranchi / झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि पार्टी ने अब तक अपने आधिकारिक उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इसी बीच निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी का नाम तेजी से चर्चा में आ गया है, जिन्हें भाजपा समर्थन देने पर विचार कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, परिमल नाथवाणी दो बार झारखंड से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और इस बार वे तीसरी बार मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। उन्होंने नामांकन पत्र ले लिया है और रांची से लेकर दिल्ली तक सक्रिय राजनीतिक संपर्क बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर समर्थन का आग्रह किया है।

रांची दौरे के दौरान वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिले और फिर दिल्ली लौट गए। इसके बाद भाजपा और एनडीए खेमे में बैठकों का दौर तेज हो गया है। रांची स्थित भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सहयोगी दलों के विधायक भी शामिल रहे।

सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई और कई विधायकों के हस्ताक्षर भी कराए गए। माना जा रहा है कि एनडीए के लगभग 10 विधायक परिमल नाथवाणी के प्रस्तावक बन सकते हैं, जिनमें भाजपा, जदयू, आजसू और लोजपा-आर के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा भी विधायकों से संपर्क कर समर्थन की रणनीति बनाई जा रही है। वहीं भाजपा नेतृत्व अब भी इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने की स्थिति में नहीं पहुंचा है। इसी कारण राजनीतिक समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं।

कुल मिलाकर, झारखंड की यह राज्यसभा चुनावी लड़ाई बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां हर घंटे राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं और सभी की निगाहें भाजपा के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई हैं।