यूपी के मदरसों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य, उपस्थिति के आधार पर मिलेगा वेतन
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
UP Madrasa News
यूपी के सभी अनुदानित मदरसों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य।
उपस्थिति के आधार पर शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन बनेगा।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी करेंगे निगरानी और क्रियान्वयन।
Lucknow / उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुदानित मदरसों में पारदर्शिता और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब सभी अनुदानित मदरसों में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा। मदरसा शिक्षा बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन भी उनकी दर्ज उपस्थिति के आधार पर तैयार किया जाएगा।
मदरसा शिक्षा बोर्ड की रजिस्ट्रार अंजना सिरोही ने जिला अल्पसंख्यक अधिकारियों (DMO) को भेजे निर्देश में बताया कि शासन ने 23 मई को ही सभी अनुदानित मदरसों में बायोमेट्रिक हाजिरी व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया था। हालांकि कई संस्थानों में अब तक इसका पूरी तरह पालन नहीं हो पाया है। इसी वजह से वास्तविक उपस्थिति का सही सत्यापन करने में दिक्कतें आ रही हैं।
बोर्ड का मानना है कि बायोमेट्रिक सिस्टम लागू होने से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। जिन मदरसों में अभी तक यह व्यवस्था नहीं है, वहां जिला अल्पसंख्यक अधिकारियों को अपनी निगरानी में इसे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी मदरसे शासन के आदेशों का पूरी तरह पालन करें। नई व्यवस्था के तहत नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि उपस्थिति प्रणाली प्रभावी ढंग से संचालित हो सके और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तथा पारदर्शिता बढ़ाई जा सके।