JPSC-JSSC छात्र आंदोलन तेज, 20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान

Sat 15-Aug-2026,11:30 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

JPSC-JSSC छात्र आंदोलन तेज, 20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान JPSC-JSSC छात्र आंदोलन तेज
  • JPSC-JSSC सुधार मंच ने 20 अगस्त को CM आवास घेराव का ऐलान किया।

  • छात्र JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग पर अड़े।

  • देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल 14वें दिन भी जारी रही।

Jharkhand / Ranchi :

Ranchi / झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। JPSC-JSSC सुधार मंच ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान किया है। छात्र JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

सुधार मंच के अनुसार, 20 अगस्त को राज्यभर से युवा मुख्यमंत्री आवास के समक्ष जुटेंगे। इससे पहले 16 अगस्त को विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री और राहुल गांधी के पुतले दहन करने का भी ऐलान किया गया है। आंदोलन के दौरान पहली बार छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है।

14वें दिन भी जारी रही देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल
आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल 14वें दिन भी जारी रही। वह पिछले पांच दिनों से सदर अस्पताल में भर्ती हैं। इसके बावजूद उन्होंने अस्पताल के बेड पर रहने के बजाय कॉरिडोर में जमीन पर लेटकर अपना धरना जारी रखा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में तिरंगा फहराने और प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए अस्पताल से बाहर निकलने का प्रयास किया था। उन्होंने पहले ही जिला प्रशासन को पत्र के माध्यम से अपनी इच्छा की जानकारी दी थी। बताया गया था कि पुलिसकर्मी उनके साथ जाकर उन्हें वापस अस्पताल लाएंगे।

हालांकि, उनके अनुसार, सुबह करीब 8 बजे अस्पताल से निकलने के दौरान उन्हें कई बार रोका गया। लगभग 10-10 मिनट के अंतराल पर उन्हें बाहर जाने से रोका गया। इस दौरान कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई।

पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप
देवेंद्र नाथ महतो के अनुसार, सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल मौजूद था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे उन्हें चोट लगी। उनके साथ मौजूद समर्थकों के साथ भी कथित रूप से बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया।

घटना के बाद देवेंद्र नाथ महतो अपने कमरे से बाहर निकलकर गेट के पास बैठ गए और अपना अनशन जारी रखा। उन्होंने आंदोलन और अपनी मांगों को लेकर अपना विरोध जारी रखने की बात कही।

जयराम महतो ने विधानसभा में मामला उठाने की बात कही
घटना के बाद देवेंद्र नाथ महतो की बातचीत विधायक टाइगर जयराम महतो से हुई। जयराम महतो ने स्वतंत्रता दिवस के दिन अस्पताल में हुई घटना को गंभीर और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

इसके बाद दोपहर करीब 2 से 4 बजे के बीच पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर से हट गए। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों को अस्पताल के भीतर जाने का अवसर मिला और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर अब छात्रों का आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है। 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच आगे की स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हैं। छात्रों की प्रमुख मांग JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने, कथित अनियमितताओं की CBI जांच और दोषियों पर कार्रवाई की है।