NEET विवाद: मंदिर मार्ग थाने में प्रियंका गांधी से मिलीं सोनिया गांधी, कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
NEET Protest
सोनिया गांधी ने मंदिर मार्ग थाने में प्रियंका गांधी से मुलाकात की।
राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों को न्याय देने की मांग दोहराई।
Delhi / NEET पेपर लीक विवाद को लेकर राजधानी दिल्ली में मंगलवार को राजनीतिक हलचल अपने चरम पर पहुंच गई। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और नेताओं की हिरासत के बाद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी सक्रिय नजर आईं। सोनिया गांधी नई दिल्ली के मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं, जहां पुलिस हिरासत में रखी गईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से उन्होंने मुलाकात की। मुलाकात के दौरान थाने के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे। हालांकि सोनिया गांधी ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। NEET आंदोलन के दौरान उनकी यह पहली सार्वजनिक सक्रियता मानी जा रही है।
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी नेता प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठ गए थे। कांग्रेस की मांग थी कि NEET पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा हो और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। जितेंद्र सिंह के अनुसार राहुल गांधी ने कहा था कि यदि सरकार संसद में NEET और पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार हो जाए तो वह धरना समाप्त कर देंगे। इसके बाद जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और फिर वापस प्रदर्शन स्थल पहुंचकर राहुल गांधी को बताया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त नहीं किया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। राहुल गांधी पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क पर लेट गए, जिसके बाद पुलिस उन्हें बलपूर्वक बस में बैठाकर छत्रसाल स्टेडियम ले गई। वहीं प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया, जहां बाद में सोनिया गांधी उनसे मिलने पहुंचीं। पूरे घटनाक्रम ने NEET विवाद को लेकर सियासी टकराव को और तेज कर दिया है तथा यह मुद्दा अब संसद के साथ-साथ सड़क पर भी बड़ा राजनीतिक विषय बन गया है।