Bihar Student Protest: बिहार में छात्र आंदोलन तेज, हाई अलर्ट जारी, पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां रद्द
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bihar Student Protest
बिहार में छात्र आंदोलन के बीच पूरे राज्य में हाई अलर्ट लागू।
पुलिस अधिकारियों और जवानों की सभी छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द।
पटना, दरभंगा, कटिहार और मुंगेर समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।
Patna / बिहार में छात्रों के बढ़ते विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन को देखते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हालात बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने पूरे बिहार में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी पटना सहित कटिहार, बेगूसराय, लखीसराय, दरभंगा और मुंगेर जैसे कई जिलों में छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किए। पटना कॉलेज के बाहर छात्रों ने पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस, एसएसबी और सीआईएसएफ के जवानों की भारी तैनाती की गई। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि हाल ही में हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनकी मांगों पर सरकार तुरंत निर्णय ले।
कटिहार में कलेक्ट्रेट गेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसके बाद पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के दोनों मुख्य द्वार बंद करा दिए। वहीं दरभंगा में हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसपी सिटी भी इस घटना में चोटिल हुए। हालात संभालने के लिए डीआईजी मनोज तिवारी, डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।
उधर मुंगेर में छात्रों ने आरडी एंड डीजे कॉलेज से कलेक्ट्रेट तक विशाल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। यह मार्च अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक और अन्य प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक के रास्ते कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां सभा के साथ प्रदर्शन समाप्त हुआ। राज्यभर में जारी छात्र आंदोलन को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है।