मिडिल ईस्ट तनाव का असर, ड्राई फ्रूट्स 30% तक महंगे हुए
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Dry-Fruits-Price-Rise-India-Middle-East-Tension
ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के कारण ड्राई फ्रूट्स आयात प्रभावित हुआ, जिससे भारत में कीमतों में 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सप्लाई चेन बाधित रहने पर आने वाले समय में कीमतों में और वृद्धि तथा बाजार में कमी की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
Raipur/ मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत के घरेलू बाजारों तक पहुंच गया है। Iran, Israel और United States के बीच जारी तनाव के कारण ड्राई फ्रूट्स के आयात पर असर पड़ा है, जिससे छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में कीमतों में 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि दिल्ली और अन्य बड़े बाजारों में पहले से मौजूद स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। जैसे ही नए माल की आवक कम हुई, कीमतों में तेजी आ गई। फिलहाल मांग सामान्य है, लेकिन सप्लाई बाधित रहने पर आने वाले समय में और महंगाई बढ़ सकती है।
सबसे ज्यादा असर ईरान से आने वाले हाई क्वालिटी मामरा बादाम पर पड़ा है, जिसकी कीमत 4200 रुपए प्रति किलो के पार पहुंच गई है। पहले यह करीब 3800 रुपए था। वहीं मीडियम क्वालिटी बादाम 2600 से 3000 रुपए, अफगानी बादाम 1800 से 2600 रुपए और सामान्य बादाम 800 से 1200 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
पिस्ता के दामों में भी भारी उछाल देखा गया है। ईरानी पिस्ता 3200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि पहले इसकी कीमत लगभग 2800 रुपए थी। अन्य पिस्ता 2300 से 2700 रुपए और अमेरिकन पिस्ता करीब 1500 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
हालांकि अंजीर के दामों में गिरावट देखी गई है, जो पहले 2400 रुपए प्रति किलो था और अब 800 से 1600 रुपए तक आ गया है। मुनक्का फिलहाल 600 से 800 रुपए प्रति किलो पर स्थिर है।
किशमिश और काजू की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। कमजोर फसल के कारण किशमिश पहले से ही महंगी थी, जो अब 500 से 600 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। काजू थोक में 700 से 1700 रुपए और खुदरा में 800 से 2000 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मध्य पूर्व में तनाव लंबा चलता है, तो ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।