TET Paper Leak Maharashtra: 28 जून की परीक्षा रद्द, भिवंडी में कार्रवाई

Sat 27-Jun-2026,03:27 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

TET Paper Leak Maharashtra: 28 जून की परीक्षा रद्द, भिवंडी में कार्रवाई Bhiwandi Paper Leak
  • पेपर लीक के संदेह के बाद महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा स्थगित।

  • 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों पर पड़ा असर।

  • नई परीक्षा तिथि दो से तीन दिनों में घोषित होने की संभावना।

Maharashtra / Bhiwandi :

Bhiwandi / महाराष्ट्र में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा, टीईटी-2026, पेपर लीक के संदेह के चलते ऐन वक्त पर स्थगित कर दी गई है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा है कि 28 जून को प्रस्तावित परीक्षा अब निर्धारित समय पर आयोजित नहीं होगी।

राज्यभर के 1028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 4 लाख 28 हजार 122 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 2 लाख 26 हजार से अधिक सेवारत शिक्षक भी शामिल थे, जिन्हें परीक्षा में बैठना था। परीक्षा स्थगित होने से लाखों उम्मीदवारों की तैयारियों पर पानी फिर गया है।

परीक्षा परिषद के अनुसार, 27 जून की तड़के भिवंडी में गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों के पास ऐसे प्रश्न पाए गए जो टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। इसके बाद परिषद के अधिकारियों को तत्काल सत्यापन के लिए बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में प्रश्नों की समानता सामने आने पर भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा है कि पहले नीट और अब टीईटी परीक्षा में गड़बड़ियों ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को "पेपर लीक सरकार" बताते हुए परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही विफलताओं पर सवाल उठाए हैं।

उधर, परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। कई उम्मीदवारों का कहना है कि उन्होंने महीनों की मेहनत और गर्मियों की छुट्टियां इस परीक्षा की तैयारी में लगाई थीं। अब परीक्षा टलने से न केवल मानसिक तनाव बढ़ा है बल्कि भविष्य की योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

शिक्षा क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। प्रधानाचार्य संघ के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र गणपुले ने कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर कर रही हैं। वहीं शिक्षक कल्याण संघ के अध्यक्ष प्रकाश पवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

हालांकि परीक्षा परिषद ने उम्मीदवारों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। पहले से पंजीकृत सभी अभ्यर्थियों की पात्रता बरकरार रहेगी और उनसे कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

परीक्षा परिषद की उपायुक्त प्रिया शिंदे ने बताया कि नई परीक्षा तिथि पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर नई तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।